Chinese Spy Balloon: अमेरिका ने समंदर में ढूंढ़ निकाला चाइनीज सेंसर, अब खुलेगा जासूसी चीनी गुब्बारे का राज?
अमेरिकी सेना के नार्दन कमांड ने कहा, 'सर्च क्रू ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण मलबा हासिल कर लिया है। इसमें सभी प्रमुख सेंसर और इलेक्ट्रानिक टुकड़े भी शामिल हैं।'

Image: Oneindia
अमेरिका के हाथ चीन के इन जासूसी गुब्बारों का सबसे अहम मलबा लग गया है जो ड्रैगन की पोल को खोल सकता है। अमेरिकी सेना ने आसमान के ऊपर मार गिराए गए पहले गुब्बारे के सेंसर को अटलांटिक महासागर से बरामद कर लिया है। अमेरिकी सेना के नार्दन कमांड ने कहा, 'सर्च क्रू ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण मलबा हासिल कर लिया है। इसमें सभी प्रमुख सेंसर और इलेक्ट्रानिक टुकड़े भी शामिल हैं।'
FBI कर रही जासूसी गुब्बारे की जांच
इससे पहले अमेरिका ने दावा किया था कि चीन ने इन जासूसी गुब्बारे की मदद से भारत से लेकर खाड़ी देशों तक की जासूसी की है। अब इन वस्तुओं की जांच एफबीआई कर रही है। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने बताया कि सेना को बेहद ऊंचाई पर उड़ने वाले जासूसी गुब्बारे के प्रमुख सेंसर मिल गए हैं। कहा जा रहा है कि इनकी मदद से पिछले कई साल से खुफिया निगरानी की जा रही थी। सैन्य अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को दक्षिण कैरोलिना के तट से गुब्बारे के बड़े हिस्से बरामद किए गए थे।
एंटेना का बड़ा हिस्सा भी मिला
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक जांच दल को एंटेना का लगभग 30-40 फीट का हिस्सा भी मिला है। अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया था कि ये उच्च ऊंचाई वाला गुब्बारा चीन में बनाया गया था और निगरानी के लिए इस्तेमाल किया गया था, हालांकि चीन ने कहा कि यह केवल मौसम की निगरानी करने वाला हवाई पोत था जो भटक गया था। इस चीनी गुब्बारे को सबसे पहले 4 फरवरी को मार गिराया गया था। यह पहला रहस्यमय ऑब्जेक्ट था जिसे अमेरिकी सेना ने मिसाइल से गिरा दिया था।
अमेरिका के आसमान में दिखे 4 ऑब्जेक्ट्स
इसके बाद अमेरिका के आसमान में और तीन ऑब्जेक्ट दिखे जिसे अमेरिकी सेना ने मार गिराया। एक के बाद ऑब्जेक्ट दिखने और चीन द्वारा यूएफओ देखे जाने के दावे करने के बाद अमेरिका में इस बात को लेकर अटकलबाजी शुरू हो गयी कि यह एलियंस अथवा दूसरे ग्रह से संबंधित गतिविधि है? हालांकि सोमवार को वाइट हाउस इसे बस एक अफवाह बताया है। वाइट हाउस ने कहा कि हाल ही में ऊंचाई पर उड़ रही तीन वस्तुओं को मार गिराने के मामले में एलियंस अथवा दूसरे ग्रह की गतिविधि से संबंधित कोई संकेत नहीं मिले हैं।
नहीं मिला एलियंस का कोई संकेत
वाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन ज्यां पियरे ने संवाददाताओं से कहा, ''हाल ही में तीन वस्तुओं को मार गिराने के मामले में एलियंस अथवा दूसरे ग्रह की गतिविधि के बारे में कोई संकेत नहीं है।'' उन्होंने कहा, ''यह सुनिश्चित करना चाहती थी कि अमेरिका के लोग यह जानते हैं, आप सब भी यह जानते हैं और यहां से हमारे लिए यह कहना महत्वपूर्ण है क्योंकि हम इसके बारे में बहुत कुछ सुन रहे हैं।' प्रेस सचिव ने कहा, ''मुझे पता है कि इस बारे में सवाल और चिंताएं हैं, लेकिन नहीं- एक बार फिर नहीं - ताजा घटनाक्रमों में एलियन अथवा दूसरे ग्रह की गतिविधि जैसी कोई बात नहीं है।''












Click it and Unblock the Notifications