अमेरिका के बैलिस्टिक मिसाइल क्षेत्रों में उड़ रहा है चीन का जासूसी गुब्बारा, व्हाइट हाउस में हड़कंप
अमेरिका और चीन के बीच पिछले कुछ सालों में काफी तनाव बढ़ा हुआ है और अमेरिका पहले भी कई बार चीन के ऊपर जासूसी करने और महत्वपूर्ण जानकारियों की चोरी करने के आरोप लगा चुका है।

Recommended Video
Chinese spy balloon: अमेरिका के सेंसेटिव एरिया में चीनी जासूसी बैलून मिलने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है और अमेरिकी अधिकारियों ने गुरुवार को कहा है, कि अमेरिका ने एक संदिग्ध चीनी जासूसी निगरानी गुब्बारे को डिटेक्ट किया है। हालांकि, पेंटागन ने कहा है, कि अमेरिका लगातार इस संदिग्ध गुब्बारे पर नजर रखे हुए है, लेकिन इसे मार गिराने का फैसला नहीं किया गया।

अमेरिका की जासूसी करता चीन
बढ़े हुए तनाव के समय जासूसी गुब्बारा मिलने के बाद अमेरिका और चीन के संबंधों में और भी ज्यादा कड़वाहट आने की आशंका बन गई है। वहीं, पेंटागन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है, कि अमेरिका को "बहुत अधिक विश्वास" है, कि यह एक चीनी हाई एल्टीट्यूड वाला गुब्बारा है और यह जानकारी एकत्र करने के लिए संवेदनशील स्थलों पर उड़ान भर रहा था। गुब्बारे को जिन स्थानों पर देखा गया, उनमें से एक मोंटाना भी था, जो माल्मस्ट्रॉम एयरफोर्स बेस स्टेशन में देश के तीन परमाणु मिसाइल साइलो क्षेत्रों में से एक का घर है। अमेरिकी अधिकारी ने संवेदनशील जानकारी पर चर्चा करने के लिए नाम न छापने की शर्त पर ये बातें कहीं हैं। माना जा रहा है, कि इस चीनी जासूसी गुब्बारे में जासूसी उपकरण लगे हुए हैं, लिहाजा अमेरिकी सरकार को जासूसी का भी डर है। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले इस जासूसी गुब्बारे को मार गिराने की बात की गई, लेकिन बाद में फैसला किया गया, कि इसपर सिर्फ नजर रखा जाएगा और देखा जाएगा, कि इसके जरिए क्या-क्या किया जाता है।

बैलून को किया जा रहा है ट्रैक
पेंटागन के प्रेस सचिव ब्रिगेडियर जनरल पैट्रिक राइडर ने इस मुद्दे पर एक संक्षिप्त बयान जारी किया है और उन्होंने कहा है, कि सरकार गुब्बारे को ट्रैक करना जारी रखे हुए है। उन्होंने कहा है, कि यह "वर्तमान में कॉमर्शियल फ्लाई जोन से ऊपर की ऊंचाई पर यात्रा कर रहा है, और जमीन पर लोगों के लिए सैन्य या शारीरिक खतरा पेश नहीं कर रहा है।" उन्होंने कहा, कि पिछले कई सालों में इसी तरह की बैलून एक्टिविटी देखी गई है। उन्होंने कहा, कि अमेरिका ने यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए कि वह संवेदनशील जानकारी एकत्र न करे। रक्षा अधिकारी ने कहा, कि अमेरिका ने कई माध्यमों से चीनी अधिकारियों से बातचीत की और मामले की गंभीरता के बारे में बताया है।

एंटनी ब्लिंकन जाने वाले हैं चीन
अमेरिका में चीनी स्पाई बैलून ऐसे समय में देखा गया है, जब देश के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन पहली बार इस सप्ताह के अंत में बीजिंग की यात्रा करने वाले हैं। हालांकि, यात्रा की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन बीजिंग और वाशिंगटन दोनों ही उनके आगमन की बात कर रहे हैं। वहीं, अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है, कि जासूसी गुब्बारे के मिलने के बाद एंटनी ब्लिंकन की यात्रा योजना प्रभावित होगी या नहीं। वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने कहा, कि अगर व्हाइट हाउस ने आदेश दिया तो अमेरिका को गुब्बारे को मार गिराने के लिए तैयार F-22 सहित लड़ाकू जेट तैयार हैं। वहीं, कुछ सैन्य अधिकारियों का मानना है, कि बैलून भले ही कम आबादी वाले क्षेत्र में उड़ रहा है, फिर भी इसका मलब लोगों को नुकसान पहुंचाने की क्षमता रखता है। लिहाजा, अभी तक साफ नहीं हो पाया है, कि संवेदनशील जानकारी एकत्र करने से रोकने के लिए सेना क्या कर रही है या फिर अगर गुब्बारे को मार गिराया नहीं गया, तो उसका क्या होगा?

अमेरिका में गुब्बारे से मचा है हड़कंप
गुरुवार को रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन को भेजे गए एक पत्र में, अमेरिका के वरिष्ठ रक्षा अधिकारी सेन स्टीव डाइन्स, आर-मोंट ने लिखा है, कि "तथ्य यह है, कि यह गुब्बारा मोंटाना हवाई क्षेत्र में उड़ान भर रहा था और माल्मस्ट्रॉम वायु सेना बेस और संयुक्त राज्य अमेरिका के अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण चिंता पैदा करता है। इस गुब्बारे का लक्ष्य खुफिया जानकारी एकत्र करना है। ... इस गुब्बारे के उड़ान पथ को स्थापित करना महत्वपूर्ण है और ये जासूसी गुब्बारा अमेरिका के किसी भी राष्ट्रीय सुरक्षा संपत्ति, और दूरसंचार या आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर की जानकारी हासिल करने के लिए ये गुब्बारा भेजा गया हो सकता है।
चीन के साथ बढ़ेगा तनाव
रक्षा अधिकारी ने कहा, कि जासूसी गुब्बारा मोंटाना मिसाइल क्षेत्रों के ऊपर उड़ने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अमेरिका ने आकलन किया है, कि चीन की खुफिया जानकारी प्रदान करने के मामले में इसका "सीमित" मूल्य है, जो पहले से ही जासूसी उपग्रहों के माध्यम से या अन्य माध्यमों से एकत्र नहीं कर सकता था। अधिकारी ने गुब्बारे के आकार की फिलहाल पुष्टि नहीं की है। लेकिन, उन्होंने कहा, कि यह इतना बड़ा है, कि इसकी ऊँचाई के बावजूद, कॉमर्शियल पायलट देख सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications