अब रूस-यूक्रेन विवाद निपटाएंगे शी जिनपिंग? राष्ट्रपति जेलेस्की से टेलीफोन पर की बात
AP ने चीनी राज्य टीवी के हवाले से कहा है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के साथ फोन पर बात की है।

राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की से बुधवार को फोन पर बात की। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने अपने ट्विटर पेज पर इस बारे जानकारी दी है। यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद से यह पहली बार है जब दोनों नेताओं ने बात की है।
जानकारी के मुताबिक दोनों नेताओं की बातचीत का मुद्दा रूस-यूक्रेन जंग ही था। हुआ चुनयिंग के मुताबिक चीन यूरेशियन मामलों पर चीनी सरकार के विशेष प्रतिनिधि को यूक्रेन और अन्य देशों में यूक्रेन संकट के राजनीतिक समाधान पर सभी पक्षों के साथ गहन संवाद करने के लिए भेजेगा।
चुनियंग ने कहा कि चीन ने यूक्रेन को मानवीय सहायता के कई बैच प्रदान किए हैं और आगे भी अपनी क्षमता के मुताबिक सहायता प्रदान करेगा। गौरतलब है कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग बीते महीने तीनदिवसीय दौरे पर रूस गए थे। वहां उन्होंने व्लादिमिर पुतिन से लंबी बातचीत की थी।
इस बीच यूक्रनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा, "मैंने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ फोन पर एक लंबी और सार्थक बातचीत की। मुझे विश्वास है कि इस बातचीत के साथ ही चीन में यूक्रेन के राजदूत की नियुक्ति, हमारे द्विपक्षीय संबंधों के विकास को एक प्रोत्साहन देगी।"
जेलेंस्की ने इस बातचीत के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। हालांकि इस बातचीत के तुरंत बाद, चीनी राज्य मीडिया प्रसारक सीसीटीवी ने इसकी सूचना दी और कहा कि शी ने जेलेंस्की से कहा कि चीन "हमेशा शांति के पक्ष में खड़ा है"।
सीसीटीवी ने कहा कि यूक्रेन संकट के मुद्दे पर, चीन हमेशा शांति के पक्ष में खड़ा रहा है और इसकी मुख्य स्थिति शांति वार्ता को बढ़ावा देना है। इससे पहले चीन ने यूक्रेन और रूस के बीच संघर्ष में तटस्थ होने का दावा किया है। बीजिंग ने कई मौकों पर शांति का आह्वान किया है और प्रस्तावित शांति योजना की पेशकश भी की है। हालांकि, चीन ने रूस के आक्रमण की निंदा करने से परहेज किया है।
आपको बता दें कि हाल ही में रूस ने दो शत्रु देशों सऊदी अरब और ईरान के बीच रिश्ता बहाल कराया है। अब चीन का ध्यान मध्यस्थता के जरिए दुनिया के बड़े विवाद सुलझाने पर है। इससे पहले चीन ने इजराइल और फिलिस्तीन विवाद को सुलझाने में भी दिलचस्पी जताई थी।












Click it and Unblock the Notifications