पीएम नरेंद्र मोदी के 'हमले' पर पाकिस्तान की 'रक्षा' करने के लिए आगे आया चीन
बीजिंग। गोवा में हुए ब्रिक्स सम्मेलन में पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसे 'आतंकवाद की मदरशिप' बताया। इस हमले पर पाकिस्तान के बचाव के लिए चीन आगे आया है।

चीन ने पाकिस्तान के बचाव में क्या कहा
चीन का विदेश विभाग आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान के बचाव और समर्थन में खुलकर सामने आया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा, 'चीन और पाकिस्तान किसी भी परिस्थिति में एक दूसरे का साथ निभाने वाले दोस्त रहे हैं। आतंकवाद से लड़ने में पाकिस्तान ने बड़े बलिदान दिए हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस बात को स्वीकार करने की जरूरत है।'
पाकिस्तान को अलग-थलग नहीं होने देगा चीन
उरी आतंकी हमले के बाद जबसे भारत ने पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग करने के लिए कूटनीतिक अभियान छेड़ा है, उसके बाद से ही चीन पाक के समर्थन में लगातार बयान दे रहा है।
ब्रिक्स समिट के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र से चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात के बाद जारी बयान में चीन ने आतंकवाद का कोई जिक्र नहीं किया था।
इसके बाद सोमवार को आधिकारिक बयान जारी कर चीन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि आतंकवाद के मसले पर पाकिस्तान को अलग-थलग करने की कूटनीति कर रहे भारत के मंसूबे को वह पूरा नहीं होने देगा। चीन ने पाकिस्तान को भी आतंकवाद से पीड़ित बताया।
प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा कि किसी भी देश या धर्म को आतंकवाद से जोड़ने का चीन विरोध करता है। आतंकवाद की समस्या से अंतरराष्ट्रीय समुदाय को मिलकर निपटना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications