China Rains: चीन में 140 सालों के इतिहास में सबसे तेज बारिश, राजधानी में विनाशकारी बाढ़, विकराल हुए हालात
China Rains: चीन में पिछले कई घंटों से हो रही बारिश ने अब विनाशकारी रूप ले लिया है और अभी तक 20 लोगों की मौत और 25 लोगों के लापता होने की पुष्टि चीन की सरकारी मीडिया ने की है। चीन का राजधानी क्षेत्र 140 साल के इतिहास में हुई सबसे भारी बारिश से बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।
राजधानी बीजिंग शहर के मौसम विज्ञान सेवा ने बुधवार को कहा, कि अधिकारियों ने बीजिंग के बाहरी इलाके में एक जलाशय में शनिवार और बुधवार सुबह के बीच 744.8 मिमी (29.3 इंच) बारिश दर्ज की है, जो 1891 के बाद सबसे ज्यादा है। सरकारी मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है, कि 40 घंटों में दर्ज की गई बारिश की मात्रा, जुलाई के पूरे महीने की औसत बारिश के करीब है।

चीन में भारी बारिश का कहर
उष्णकटिबंधीय तूफान डोकसूरी ने पिछले हफ्ते दक्षिणी फ़ुज़ियान प्रांत से टकराने के बाद उत्तर की ओर बढ़ते हुए राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश की है।
अधिकारियों ने बुधवार को हजारों आपातकालीन कर्मियों को बीजिंग के दक्षिण-पश्चिम में लगभग 60 किमी (37 मील) दूर एक शहर झुओझोउ में भेजा है, क्योंकि तूफान के बाद के हालाक ने राजधानी के आसपास के क्षेत्रों को बुरी तरह से प्रभावित किया है।
राज्य मीडिया ने कहा, कि झुओझोउ, जो कई नदियों के संगम पर बसा शहर है, वो विशेष रूप से बुरी तरह प्रभावित हुआ है, क्योंकि बाढ़ के पानी ने फौरन इस शहर को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया।
सरकारी मीडिया के अनुसार, बीजिंग के आसपास मूसलाधार बारिश से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 27 लोग लापता हो गए हैं, जबकि राजधानी और पड़ोसी हेबेई प्रांत में लगभग दस लाख लोगों को निकाला गया है।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने स्थानीय सरकारों को लोगों को बचाने और जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए हर संभव प्रयास करने का आदेश दिया है।
हालांकि, बुधवार को राजधानी में बाढ़ से कुछ राहत मिलती दिख रही है, क्योंकि स्थानीय अधिकारियों ने जनता के लिए रेड अलर्ट हटा लिया है। सरकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने बताया, कि बीजिंग के अधिकारियों ने चेतावनी स्तर कम कर दिया है, क्योंकि "प्रमुख नदियों में पानी का प्रवाह चेतावनी निशान से नीचे चला गया है।"

1998 में मची थी चीन में तबाही
चीन को आधुनिक समय की सबसे घातक बाढ़ का सामना 1998 की गर्मियों में करना पड़ा था, जब यांग्त्ज़ी नदी और उत्तर-पूर्व में अन्य जलमार्गों के किनारे बाढ़ से 4,000 से ज्यादा लोग मारे गए और अनुमानित डेढ़ करोड़ लोग बेघर हो गए थे।
2021 में झेंग्झौ शहर और आसपास के प्रांत हेनान में बाढ़ आने से 300 से अधिक लोगों की मौत हो गई।
वहीं, ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, मंगलवार सुबह 6 बजे तक, बीजिंग में औसत वर्षा 257.9 मिमी दर्ज की गई, जबकि शहरी क्षेत्र में औसत वर्षा 235.1 मिमी थी। मेंटौगौ और फैंगशान में, औसत वर्षा क्रमशः 470.2 मिमी और 414.6 मिमी तक पहुंच गई थी।
मंगलवार दोपहर तक, राजधानी के 13 जिलों में लगभग 45,000 लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए थे और 127,000 लोगों को खतरे से निकाला गया था। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
आकलन के अनुसार, वर्षा की तीव्रता 21 जुलाई 2012 के स्तर से कहीं ज्यादा हो गई है, जब पूरे बीजिंग में 79 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें से आधी फंगशान जिले में थीं। दो मौसम केंद्रों पर अधिकतम वर्षा 700 मिमी से अधिक दर्ज की गई, जबकि 2012 में अधिकतम वर्षा 541 मिमी थी।
कम्युनिस्ट पार्टी की सेना उतरी
बीजिंग में आवश्यक आपूर्ति पहुंचाने और फंसे हुए निवासियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के हेलीकॉप्टरों को नियोजित करके आपदा राहत प्रयासों को तेज कर रहा है।
साथ ही, बीजिंग, तियानजिन और हेबेई में जल संसाधन विभागों ने बाढ़ नियंत्रण को क्रियान्वित करने, बाढ़ के पानी के पूर्व-निर्वहन जैसे उपायों को अपनाने और पूरे क्षेत्र में बाढ़ के समग्र प्रभाव को कम करने के लिए अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम के समन्वय में सहयोग किया है।
ग्लोबल टाइम्स को चीनी नागरिक बचाव दल, बीजिंग ब्लू स्काई रेस्क्यू टीम के प्रवक्ता के हवाले से कहा, कि बीजिंग में बचाव प्रयासों के लिए 563 बचाव दल और 263 वाहन भेजे गये हैं। टीम ने 1,680 से अधिक फंसे हुए लोगों और 22 फंसे हुए वाहनों को बाहर निकाला है और फांगशान और मेंटौगौ जिलों में 210 से ज्यादा लोगों को मौत के मुंह से बचाया है।












Click it and Unblock the Notifications