दलाई लामा से मिले अमेरिकी अधिकारी तो भड़का चीन
चीन ने जो बाइडेन प्रशासन के एक शीर्ष अधिकारी और दलाई लामा के बीच हुई बैठक के बाद अमेरिका के समक्ष "गंभीर विरोध" दर्ज कराया है। बैठक में तिब्बती मानवाधिकारों का समर्थन करने और उनकी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए वाशिंगटन की प्रतिबद्धता की पुष्टि की गई थी। 89 वर्षीय दलाई लामा 28 जून को घुटने की रिप्लेसमेंट सर्जरी के बाद से न्यूयॉर्क में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
नागरिक सुरक्षा, लोकतंत्र और मानवाधिकार के लिए अमेरिकी अवर सचिव उजरा जेया ने न्यूयॉर्क में दलाई लामा से मुलाकात की। उन्होंने तिब्बती आध्यात्मिक नेता को राष्ट्रपति बाइडेन का संदेश दिया।

विदेश विभाग के एक बयान ने इस मुलाकात की पुष्टि की। यह मुलाकात बाइडेन की ओर स हाल ही में तिब्बत की स्थिति के बारे में शांतिपूर्ण समाधान के लिए चीन और दलाई लामा के बीच संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विधेयक पर हस्ताक्षर करने के बाद हुई है।
बैठक पर चीन की प्रतिक्रिया
चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने मीडिया ब्रीफिंग के दौरान इस बैठक की आलोचना की। उन्होंने कहा कि 14वें दलाई लामा केवल एक धार्मिक व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि एक राजनीतिक निर्वासित हैं, जो धर्म की आड़ में चीन विरोधी अलगाववादी गतिविधियों में शामिल हैं। उन्होंने कहा, 'चीन किसी भी देश की ओर से दलाई लामा को किसी भी बहाने से यात्रा करने की अनुमति देने का दृढ़ता से विरोध करता है और किसी भी देश के सरकारी अधिकारियों की किसी भी रूप में दलाई लामा से मिलने का विरोध करता है।'
माओ निंग ने तिब्बत पर चीन के रुख पर जोर दिया, जिसे वह "शीजांग" कहता है। उन्होंने कहा, 'हमने अमेरिका के समक्ष गंभीर विरोध दर्ज कराया है। तथाकथित 'तिब्बती मुद्दों के लिए अमेरिकी विशेष समन्वयक' की नियुक्ति चीन के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप है। चीन ने इसे कभी मान्यता नहीं दी।' उन्होंने अमेरिका से शीजांग से संबंधित मुद्दों की गंभीरता और संवेदनशीलता को समझने और चीन के मूल हितों का सम्मान करने का आग्रह किया।
तिब्बत के लिए अमेरिकी समर्थन
जेया ने अपने आधिकारिक हैंडल एक्स (पूर्व में ट्विटर) के जरिए दलाई लामा से मिलकर अपने सम्मान का इजहार किया। उन्होंने लिखा, 'करुणा और अहिंसा के लिए वैश्विक व्यक्तित्व परम पूजनीय @DalaiLama से मिलकर सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैंने @POTUS की ओर से शुभकामनाएं भेजीं, उनके सुचारू रूप से स्वस्थ होने की कामना की और तिब्बती समुदाय के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका के अटूट समर्थन की पुष्टि की।'
जेया की दलाई लामा से यह पहली मुलाकात नहीं थी। मई 2022 में, वह भारत और नेपाल की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान धर्मशाला में उनके आवास पर उनसे मिलने गई थीं। धर्मशाला निर्वासित तिब्बती सरकार का केंद्र है।












Click it and Unblock the Notifications