'स्वर्ग' की तलाश में चीन ने लॉन्च किया पहला लैब मॉड्यूल, अंतरिक्ष की दुनिया में ड्रैगन की बहुत बड़ी छलांग
चीन जिस स्पेस स्टेशन का निर्माण कर रहा है, वो T आकार का होगा, यानि इसमें तीन भुजा होंगे और वेंटियन मॉड्यूल में एक वर्क केबिन, एक एयरलॉक केबिन और एक रिसोर्स केबिन बना हुआ है...
बीजिंग, जुलाई 24: अंतरिक्ष की दुनिया में चीन ने बहुत बड़ी छलांग लगाई है और ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन ने अपने अंतरिक्ष स्टेशन का पहला लैब मॉड्यूल वेंटियन लॉन्च कर दिया है और ये लॉन्चिंग कामयाब रही है। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने बताया कि, नया मॉड्यूल कोर मॉड्यूल के बैकअप देने के साथ साथ एक शक्तिशाली वैज्ञानिक प्रयोग मंच के रूप में काम करेगा। चाइना एकेडमी ऑफ स्पेस टेक्नोलॉजी के साथ चीन मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम के स्पेस स्टेशन सिस्टम के उप मुख्य डिजाइनर लियू गैंग के अनुसार, वेंटियन मॉड्यूल 17.9 मीटर लंबा है, जिसका अधिकतम व्यास 4.2 मीटर है, और टेकऑफ़ द्रव्यमान 23 टन है।

स्वर्ग की खोज में चीन की उड़ान
आपको बता दें कि, चीन के इस मॉड्यूल का नाम वेंटियन है, जिसका शाब्दिक अर्थ 'स्वर्ग की खोज' होता है। दरअसल, चीन अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन तैयार कर रहा है। अभी तक दुनिया की तरफ से एक ही अंतरिक्ष स्टेशन 'इंटरनेशनल स्पेश स्टेशन' बनाया गया है, जिसे अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने रूसी अंतरिक्ष एजेंसी के साथ मिलकर बनाया हुआ है, जिसका इस्तेमाल जापान के साथ साथ यूरोपीय देश भी करते हैं। लेकिन, अब चीन अपना खुद का स्पेस स्टेशन तैयार कर रहा है और इस स्पेस स्टेशन के निर्माण के लिए तीन मॉड्यूल लॉन्च किए जाने हैं, जिनमें से एक कोर मॉड्यूल तियानहे है, जिसे लॉन्च किया जा चुका है। दूसरा मॉड्यूल वेंटियन है, जिसे आज लॉन्च किया गया है और तीसरा मॉड्यूल मेंगटियन है, जिसे कब लॉन्च किया जाएगा, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है।

क्या है चीन का वेंटियन मॉड्यूल?
चीन जिस स्पेस स्टेशन का निर्माण कर रहा है, वो T आकार का होगा, यानि इसमें तीन भुजा होंगे और वेंटियन मॉड्यूल में एक वर्क केबिन, एक एयरलॉक केबिन और एक रिसोर्स केबिन बना हुआ है, जो अंतरिक्ष स्टेशन से जाकर जुड़ जाएग। चीन की मैन्ड स्पेस एजेंसी (CMSA) के मुताबिक, लॉन्ग मार्च-5B Y3 कैरियर रॉकेट, वेंटियन मॉड्यूल को लेकर, चीन के दक्षिणी द्वीप प्रांत हैनान के तट पर वेनचांग अंतरिक्ष यान प्रक्षेपण स्थल से दोपहर 2:22 बजे (बीजिंग समय) पर प्रक्षेपित हुआ। लॉन्चिंग के करीब 495 सेकंड बाद, वेंटियन रॉकेट से अलग हो गया और नियोजित कक्षा में प्रवेश कर गया। सीएमएसए ने घोषणा की है कि, लॉन्च एक पूर्ण सफलता है। आपको बता दें कि, चीन काफी तेजी के साथ अपना अंतरिक्ष कार्यक्रम चला रहा है और देश में मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम को मंजूरी मिलने और शुरू किए जाने के बाद से यह 24वां उड़ान मिशन है।

क्या है चीनी अंतरिक्ष स्टेशन का नाम
आपको बता दें कि, चीन ने अपने इस अंतरिक्ष स्टेशन का नाम तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन रखा है, जो नासा और रूस के सामूहिक अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के आकार से करीब 20 प्रतिशत बड़ा और आधुनिक है। वहीं, चीन के स्पेस स्टेशन का काम इस साल के अंत तक पूरा हो जाने की उम्मीद है और फिर ये पूरी तरह से विकसित स्पेस स्टेशन होगा, जिसमें तीनों मॉड्यूल लगे होंगे और जिसमें एक राष्ट्रीय प्रयोगशाला भी विकसित होगा।

कैसा होगा चीन का अंतरिक्ष स्टेशन
ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की मैन्ड स्पेस एजेंसी के अधिकारियों के मुताबिक, चीन का अंतरिक्ष स्टेशन 180 टन से ज्यादा वजन का होगा। और जब वेंटियन मॉड्यूल को स्पेस स्टेशन से डॉक किया गया है, तब अंतरिक्ष स्टेशन संयोजन का वजन लगभग 50 टन तक पहुंच गया है। वेंटियन के मुख्य बिजली डिजाइनर लियांग शियाओफेंग ने ग्लोबल टाइम्स को बताया कि, तकनीकी दृष्टिकोण से, वेंटियन ने विस्तार का मार्ग प्रशस्त किया है, लेकिन बाद की योजनाएं समग्र परियोजना के अनुसार होंगी। उन्होंने कहा कि, "हमें प्रत्येक योजना के लिए विश्लेषण और जरूरतों को सुलझाना होगा, लेकिन हमने निश्चित रूप से प्रमुख प्रौद्योगिकियों को मॉड्यूल विस्तार के लिए रिजर्व में हासिल कर ली है।" वहीं, एक वरिष्ठ अंतरिक्ष विशेषज्ञ पैंग जिहाओ ने ग्लोबल टाइम्स को बताया कि, टी-आकार की संरचना में जोड़े जाने वाले नए मॉड्यूल विदेशी अंतरिक्ष यान जैसे लैब मॉड्यूल या मानवयुक्त अंतरिक्ष यान की तरह ही देखने में हैं।

वैज्ञानिकों के लिए काम करना होगा आसान
ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, वेंटियन मॉड्यबल को अंतरिक्ष स्टेशन संयोजन के लिए डॉक किया जा चुका है और अब टाइकोनॉट्स के लिए रहने और काम करने का क्षेत्र तुरंत दोगुना हो जाएगा। इसके अलावा, वेंटियन के बड़े-व्यास वाले एयरलॉक चालक दल के अंतरिक्ष में चलने वाले मिशनों की सुविधा प्रदान करेंगे, जो कि चालक दल के लोगों को काफी आराम देंगे। सीएएससी ने कहा कि, वेंटियन के प्रमुख मंच कार्य तियान्हे के साथ समान हैं, जिसका अर्थ है कि दोनों एक दूसरे के बैकअप के रूप में काम करेंगे, और दोनों असेंबली के लिए आवश्यक सभी कार्य आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम हैं।












Click it and Unblock the Notifications