ट्रेन में इतनी जोर से हंसी महिला, हिल गया जबड़ा, मुंह रह गया खुला का खुला
नई दिल्ली। चीन के गुआंगझू में एक महिला को जोर से हंसना भारी पड़ गया। ट्रेन में सफर के दौरान ये महिला किसी बात पर इतनी जोर से हंसी कि उसका जबड़ा अपनी जगह से हट गया। जबड़ा हिल जाने की वजह से उसका मुंह खुला का खुला रह गया। डॉक्टर ने काफी देर तक कोशिश के बाद किसी तरह उसका मुंह बंद किया। रविवार को हुई ये घटना दुनियाभर की मीडिया और सोशल मीडिया में चर्चा बटोर रही है।

महिला की हालत देख घबरा गए लोग
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, महिला का मुंह हंसने के बाद जब खुला रह गया तो उसके पास बैठे मुसाफिर एकबारगी तो घबरा गए। कुछ लोगों ने उसको संभालने की कोशिश की। उसके मुंह को हाथ लगाया तो वो दर्द से चीखने लगी। लोगों को लगा कि शायद महिला को कोई दौरा पड़ गया है। ट्रेन में डॉक्टर की तलाश की गई। आखिर एक डॉक्टर जो इसी ट्रेन से सफर कर रहा था, महिला के पास पहुंचा।

शुरू में डॉक्टर भी नहीं समझे, हुआ क्या है
लुओ वेंशांग नाम के डॉक्टर ट्रेन में मौजूद थे। जानकारी होने पर वो आए। डॉ वेशांग ने बताया कि जब मैं महिला यात्री के पास पहुंचा तो वह कुछ बोल नहीं पा रही थी। उसका मुंह खुला हुआ था, मैं समझ नहीं पाया कि हुआ क्या है। मैंने उसका ब्लड प्रेशर चेक किया। फिर जब आसपास के यात्रियों से जानकारी ली तो उनको समझ में आया कि महिला का जबड़ा हिल गया है। इसके बाद उन्होंने इलाज शुरू किया। आखिर वो जबड़े को जगह पर लाने में कामयाब हुए और महिला के मुंह पर पट्टी वगैरह बांधी। जिसके बाद महिला ने आगे का सफर किया। हालांकि रेल से उतरने के तुरंत बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां महिला ने बोलना शुरू कर दिया। महिला ने बताया कि एक दफा पहले भी उसके साथ ऐसा हो चुका है, जब उसका जबड़ा जगह से हिल गया था।

चर्चा में पूरा वाकया
सोशल मीडिया में घटना की खूब चर्चा है। लोग कह रहे हैं कि जो डॉक्टर हंसने को कई मर्जों की दवा बताते हैं, अब उनको कोई और काम करना चाहिए। कई लोग इसको लेकर सोशल मीडिया पर मजाक भी बना रहे हैं। एक यूजर ने कहा कि हंसना अच्छी बात है लेकिन इतनी जोर से भी नहीं कि अस्पताल जाना पड़ जाए।












Click it and Unblock the Notifications