समंदर को घेरने की कोशिश में चीन, दक्षिणी चीन सागर में लगाया फ्लोटिंग बैरियर, फिलीपींस भड़का
जमीन पर कब्जा करने के बाद अब समंदर पर भी कब्जा करने से चीन बाज नहीं आ रहा है। चीन ने दक्षिण चीन सागर के विवादित क्षेत्र में फ्लोटिंग बैरियर लगा दिया है। इस तरह वह समुद्री इलाके पर अपना कब्जा करने के साथ दूसरे देशों के जहाजों को रोकना चाहता है।
समंदर में फ्लोटिंग बैरियर लगाने से से फिलीपींस नाराज हो गया है। फिलीपींस तट रक्षक के प्रवक्ता कमोडोर जे तारिएला ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि चीन का ये कदम फिलीपींस के मछुआरों को समुद्र में जाने से रोकने, उन्हें मछली पकड़ने और आजीविका गतिविधियों से वंचित कर रही है।

आपको बता दें कि फिलीपीन तट रक्षक और मत्स्य पालन ब्यूरो के कर्मियों ने शुक्रवार को नियमित गश्त के दौरान शोल के पास, जिसे स्थानीय रूप से बाजो डी मासिनलोक के नाम से जाना जाता है, फ्लोटिंग बैरियर देखा था। इसकी अनुमानित लंबाई लगभग 300 मीटर (1,000 फीट) बताई गई।
एडुआर्डो एनो ने एक बयान में कहा, "हम चीनी तट रक्षक द्वारा फ्लोटिंग बैरियर्स की स्थापना की निंदा करते हैं। पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना द्वारा अवरोध लगाना हमारे मछुआरों के पारंपरिक मछली पकड़ने के अधिकारों का उल्लंघन है।"
फिलीपीन के विदेश मामलों के विभाग ने सोमवार को कहा कि चीन द्वारा पहुंचाई गई ये बाधा अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। फिलीपींस, देश की संप्रभुता और हमारे मछुआरों की आजीविका की रक्षा के लिए सभी उचित उपाय करेगा।
हालांकि चीन ने समंदर में फ्लोटिंग बैरियर लगाने के कदम का बचाव किया है। चीन के विदेश मंत्रालय ने विवादित क्षेत्र में "फ्लोटिंग बैरियर" लगाने का बचाव करते हुए कहा है कि उसके तटरक्षक बल ने फिलीपीन जहाज को हटाने के लिए कानून के अनुसार आवश्यक कदम उठाए हैं।
प्रवक्ता वांग वेनबिन ने सोमवार को यह टिप्पणी तब की जब फिलीपींस ने कहा कि स्कारबोरो शोल के पास प्लवों ने फिलिपिनो को क्षेत्र में मछली पकड़ने से रोक दिया है। वांग ने यह नहीं बताया कि बैरियर की स्थापना को सही ठहराने के लिए वह किस कानून का हवाला दे रहे हैं।
आपको बता दें कि चीन, दक्षिण चीन सागर के 90 प्रतिशत हिस्से पर दावा करता है। यह क्षेत्र वियतनाम, मलेशिया, ब्रुनेई, इंडोनेशिया और फिलीपींस के विशेष आर्थिक क्षेत्रों (ईईजेड) के साथ ओवरलैप होता है।
बीजिंग ने 2012 में स्कारबोरो शोल पर कब्जा जमा कर लिया था। इसके बाद से फिलीपींस के मछुआरों को छोटी मछलियां पकड़ने में दिक्कतें होने लगीं। हालांकि फिलिपींस में तत्कालीन राष्ट्रपति रोड्रिगो डुटर्टे के दौरान बेहतर संबंधों के कारण बीजिंग ने फिलिपिनो मछुआरों को निर्जन तट पर लौटने की अनुमति दी थी। लेकिन पिछले साल फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के सत्ता संभालने के बाद से इस इलाके में तनाव फिर से बढ़ गया है।












Click it and Unblock the Notifications