China: कम्युनिस्ट चीन में कॉमेडी करना पड़ा भारी, सेना का मजाक उड़ाने वाले कॉमेडियन पर गिरी गाज
कम्युनिस्ट नेता सबसे ज्यादा फ्रीडम ऑफ स्पीच की बात करते हैं, लेकिन कम्युनिस्ट नेताओं के साथ सबसे दिलचस्प बात ये है, कि वो आलोचना को बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं। चीन में ऐसा ही होता है।

China Fines comedy firm: कम्युनिस्ट विचारधारा में आजादी के नारे लगाए जाते हैं, फ्रीडम ऑफ स्पीच को लेकर बड़ी बड़ी बातें की जाती हैं, लेकिन जब कम्युनिस्टों की सत्ता आती है, तो सबसे पहले लोगों से उनकी आजादी छीन ली जाती है।
कम्युनिस्ट शासन कैसा होता है, चीन से बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है।
चीन ने बुधवार को देश की सबसे प्रसिद्ध कॉमेडी कंपनी में से एक पर 14.7 मिलियन युआन (2.13 मिलियन डॉलर) का जुर्माना ठोक दिया है, क्योंकि उसने कम्युनिस्ट पार्टी की आर्मी का मजाक उड़ाया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, कॉमेडी एजेंसी के एक कॉमेडियन ने सेना का मजाक उड़ाया, जिसके बाद कम्युनिस्ट शासन ने उसके मजाक को "समाज को नुकसान पहुंचाने" वाला बताया और कंपनी पर 2 मिलियन डॉलर से ज्यादा का जुर्माना लगा दिया गया।
चीन के संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के बीजिंग शाखा ने कहा, कि यह शंघाई शियाओगुओ कल्चर मीडिया कंपनी पर 13.35 मिलियन युआन का जुर्माना लगाएगा और फर्म से "अवैध लाभ" में 1.35 मिलियन युआन को जब्त किया जाएगा। मंत्रालय ने कहा है, कि ली होशी नाम के एक कॉमेडियन ने हालिय शो के दौरान सेना का मजाक उड़ाया था, जो चीन के नियमों का उल्लंघन है।
कॉमेडी कंपनी पर इस कार्रवाई के बाद चीन की जनता का एक बड़ा हिस्सा सरकार की आलोचना कर रहा है और कह रहा है, कि चीनी शासन में लोग सिर्फ सिर झुकाकर ही चल सकते हैं।
वहीं, कई नागरिकों का कहना है, कि सेना का मजाक नहीं उड़ाना चाहिए।
कई चीनियों का कहना है, कि देश में स्टैंडअप कॉमेडी काफी लोकप्रिय हो रहा है, लिहाजा कॉमेडियन को चाहिए, कि वो अपने दायरे में रहे। वहीं, चीनी अधिकारियों का कहना है, कि कॉमेडियंस को मूल समाजवादी मूल्यों को बढ़ावा देना चाहिए।
कौन हैं कॉमेडियन ली
कॉमेडियन ली इस हफ्ते की शुरुआत में चीनी सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे, जब एक दर्शक ने 13 मई को बीजिंग में एक लाइव स्टैंड-अप सेट पर किए गए सेना पर मजाक का वीडियो चीनी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
जिसके बाद कॉमेडियन के मजाक को चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के लिए अपमानजनक बताया गया।
कॉमेडियन ली ने स्टैंडअप कॉमेडी में दो कुत्तों और एक गिलहरी का उदाहरण देते हुए कहा था, कि "उन्होंने दो कुत्तों को एक गिलहरी का पीछा करते हुए देखा और ये उनकी अच्छी कार्यशैली है, दो कुत्ते एक गिलहरी से लड़ रहे हैं और वो निश्चित ही गिलहरी से जंग जीत लेंगे।"
कॉमेडियन ने अपनी भाषा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की 2013 में दिए गये एक भाषण का एक हिस्सा इस्तेमाल किया था और उसे सेना से जोड़ा था।
चीन की सांस्कृतिक ब्यूरो ने कहा, "हम कभी भी किसी कंपनी या व्यक्ति को चीनी राजधानी में पीएलए की शानदार छवि को धूमिल करने की इजाजत नहीं देंगे।" वहीं, सरकार की सख्ती के बाद कॉमेडी एजेंसी ने कॉमेडियन ली को अपनी एजेंसी से बाहर कर दिया है।
इसके साथ ही, चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर भी कॉमेडियन के अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
Recommended Video

आपको बता दें, कि चीन में साल 2015 के बाद से स्टैंडअप कॉमेडियन को काफी पसंद किया जा रहा है और देश में सैकड़ों स्टैंडअप कॉमेडियन हैं, जो इस क्षेत्र में अपना कैरियर बना रहे हैं। लेकिन, इसके साथ ही कम्युनिस्ट सरकार कॉमेडी एजेंसियों पर काफी सख्ती भी बरत रही है और कॉमेडी के दौरान कंटेट पर काफी बारीकी से नजर रखी जाती है। चीन में कई कॉमेडी एजेंसी पर लाखों का जुर्माना लगाया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications