Most Populous Nation: आबादी में पिछड़ने पर फूटा चीन का गुस्सा, कहा- क्वांटिटी नहीं, क्वालिटी जरूरी
भारत में हर साल लगभग ढाई करोड़ बच्चे पैदा लेते हैं। वहीं, सबसे ज्यादा आबादी वाले चीन में भारत की तुलना में लगभग आधे बच्चे का जन्म होता है। 2022 में चीन में 95 लाख बच्चों का जन्म हुआ था। भारत में यह संख्या 2.03 करोड़ थी।

चीन को पछाड़कर भारत दुनिया में सबसे अधिक आबादी वाला देश बन गया है। संयुक्त राष्ट्र की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक अब भारत की आबादी 142 करोड़ 86 लाख हो गई है। वहीं चीन की जनसंख्या 142 करोड़ 57 लाख है। यानी कि, भारत की आबादी करीब 29 लाख अधिक है।
यह रिपोर्ट के सामने आने के बाद चीन ने भारत पर तंज कसा है। चीन ने कहा कि उसके पास 90 करोड़ लोगों का क्वालिटी वर्कफोर्स है, जो विकास में अहम योगदान देता करता है। चीन ने कहा कि क्वांटिटी नहीं बल्कि क्वालिटी मैटर करता है।
संयुक्त राष्ट्र की जनसंख्या संबंधी रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा, "मैं आपको बताना चाहता हूं कि जनसंख्या का लाभ क्वांटिटी पर नहीं, बल्कि क्वालिटी पर निर्भर करता है।"
अमेरिका के बाद दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने का दंभ भरते हुए चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि जनसंख्या महत्वपूर्ण है लेकिन प्रतिभा भी महत्वपूर्ण है। वांग ने यह भी कहा कि चीन ने बढ़ती उम्र की आबादी से निपटने के लिए कई उपाय किए हैं।
वांग ने कहा, चीन की आबादी 1.4 अरब से अधिक है, जिसमें कामकाजी उम्र के लोग 90 करोड़ के करीब हैं। इन लोगों ने औसतन 10.5 साल तक शिक्षा हासिल की है। ये शिक्षित और अनुभवी लोग चीनी अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने में सक्षम है
वांग ने कहा, जैसा कि हमारे प्रीमियर ली कियांग ने कहा कि हमारी जनसंख्या का लाभांश गायब नहीं हुआ है, बल्कि यह तेजी से बढ़ रहा है। इससे पहले मार्च में पद संभालने के बाद ली कियांग ने जनसंख्या को लेकर टिप्पणी की थी।
ली कियांग ने कहा था कि चीन में 90 करोड़ लोग कामकाजी हैं और हर साल इसमें डेढ़ करोड़ लोग जुड़ जाते हैं। ली कियांग ने कहा था कि चीन में 24 करोड़ लोगों ने उच्च शिक्षा हासिल की है जो कि पूरी दुनिया में सबसे अधिक है।
गौरतलब है कि 2023 की शुरुआत में ही ग्लोबल एक्सपर्ट्स ने अनुमान लगाया था कि इस साल भारत सबसे ज्यादा जनसंख्या वाला देश बन जाएगा। आपको बता दें कि पहली बार किसी देश ने चीन को आबादी में पीछे छोड़ा है। संयुक्त राष्ट्र 1950 से ही जनसंख्या से जुड़ा डेटा जारी कर रहा है।
UNFPA की 'द स्टेट ऑफ वर्ल्ड पॉपुलेशन रिपोर्ट, 2023', जिसका शीर्षक '8 बिलियन लाइव्स, इनफिनिट पॉसिबिलिटीज: द केस फॉर राइट्स एंड चॉइस' है, की रिपोर्ट बुधवार जारी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications