मंच पर भाषण दे रहे थे राष्ट्रपति, सुपरमैन की ड्रेस में साइकिल से पहुंचा बच्चा, देखने वालों की नहीं रुकी हंसी
चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक के भाषण के दौरान एक बच्चे के साइकिल चलाने का मजेदार वीडियो दूनिया भर में वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि बच्चा सुपरमैन के ड्रेस में साइकिल से राष्ट्रपति के पास पहुंच जाता है
सैंटियागो, 07 सितंबरः चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक के भाषण के दौरान एक बच्चे के साइकिल चलाने का मजेदार वीडियो दूनिया भर में वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि बच्चा सुपरमैन के ड्रेस में साइकिल से राष्ट्रपति के पास पहुंच जाता है। जोश में बोरिक भाषण देते हैं, वो उतने ही जोश में उनके आगे पीछे साइकिल घुमाता है।

एक सप्ताह पुराना है वीडियो
स्थानीय मीडिया 24 होरास के मुताबिक ये वीडियो एक सप्ताह पुराना है। रिपोर्ट के मुताबिक चिली के राष्ट्रपति बोरिक लोगों से नया संविधान बनाने के लिए वोट डालने को कह रहे थे। दो दिन पहले लोगों ने वोट डाला और उनका प्रस्ताव लोगों ने पूरी तरह से खारिज कर दिया। यानी कि राष्ट्रपति का भाषण लोगों पर कोई असर नहीं डाल सका। लेकिन उसी भाषण के दौरान एक बच्चे ने लोगों को अपनी खींचा है। इसमें बच्चा सुपरहीरो सुपरमैन की ड्रेस पहने नजर आ रहा है।
खूब वायरल हो रहा वीडियो
यह बच्चा कौन है इसके बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल पायी है लेकिन राष्ट्रपति के भाषण के दौरान बच्चे का इस तरह साइकिल चलाना लोगों को काफी पसंद आ रहा है। हालांकि एक और वजह है जिसकी वजह से यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है। रायटर्स के अनुसार, सिर्फ 36 साल की उम्र में चिली के राष्ट्रपति बने बोरिक ने जब लोगों से नए संविधान के लिए वोट करने को कहा तो 79 लाख लोगों ने वोट डाला। लेकिन इसमें से 49 लाख लोग नया संविधान बनाने के खिलाफ वोट किए। लगभग 62 फीसदी लोगों ने उनके विचार से असहमति जताते हुए नए संविधान के विचार के खिलाफ वोट दिया। इसलिए राष्ट्रपति के लिए इसे बड़ा झटका कहा जा रहा है।

लोगों ने नए संविधान को नकारा
अगर यह नया संविधान लागू होता तो दशकों पहले सैन्य तानाशाह ऑगस्टो पिनोशे के कार्यकाल में तैयार किया संविधान इतिहास बन चुका होता। दरअसल ऑगस्टो पिनोशे के संविधान ने चिली को विकास के रास्ते पर तो अग्रसर किया, लेकिन जबर्दस्त असमानताएं भी साथ लेकर आया। इन असमानताओं की वजह से 2019 में बोरिस के नेतृत्व में कई महीनों तक चिली में हिंसक प्रदर्शन हुए। बतादें कि चिली दुनिया में तांबे का शीर्ष उत्पादक देश है। बैटरी बनाने के काम आने वाली धातु लीथियम के उत्पादन में उसे दूसरा स्थान हासिल है। ऐसे में अगर नए संविधान का मसौदा स्वीकार कर लिया जाता, तो पर्यावरण की सुरक्षा के लिहाज से कड़े नियमों का मार्ग प्रशस्त हो जाता।

इसी साल बने सबसे कम उम्र के राष्ट्रपति
बतादें कि इसी साल मार्च में वामपंथी झुकाव वाले पूर्व छात्र नेता गेब्रियल बोरिक चिली के राष्ट्रपति बने थे। दिसंबर 2021 में हुए चुनाव में रूढ़िवादी जोस एंटोनियो कास्ट के खिलाफ बोरिक को 56 प्रतिशत वोट मिले थे। मात्र 36 साल की उम्र में यह पद हासिल कर वह देश के सबसे कम उम्र के राष्ट्रपति बने। वह केवल चार साल के थे, जब 17 साल की सैन्य तानाशाही के बाद देश में लोकतंत्र बहाल हुआ था, जिसने आधुनिक चिली के लिए आधार तैयार किया।












Click it and Unblock the Notifications