दुनिया के सबसे सुरक्षित सैन्य मुख्यालय में मुर्गी ने की घुसपैठ, कुछ ही देर में हुआ ये अंजाम
वाशिंगटन, 4 फरवरी: अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को बहुत बड़ा आतंकी हमला हुआ था। जिसमें वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के साथ ही अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन से भी एक विमान टकराया। हालांकि अब उसके साजिशकर्ताओं को अमेरिका सजा दे चुका है। साथ ही पेंटागन को अभेद किला बना दिया गया, जहां कोई परिंदा भी बिना इजाजत पर नहीं मार सकता, लेकिन हाल ही में वहां पर एक मुर्गी ने घुसपैठ की। जिससे सैन्य अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

एनिमल वेलफेयर को किया हैंडओवर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पेंटागन के सिक्योरिटी एरिया में एक मुर्गी को घूमते हुए देखा गया। जिसके बाद उसको तुरंत हिरासत में ले लिया गया। उसे वर्जीनिया के एनिमल वेलफेयर लीग (AWL) को हैंडओवर किया गया है। साथ ही ये पता लगाने की कोशिश की जा रही कि आखिर इतने सुरक्षित इलाके में मुर्गी बिना जवानों की नजर में आए कैसे पहुंची।

रखा गया ये नाम
AWL ने ट्वीट कर लिखा कि मुर्गी सोमवार सुबह अमेरिकी रक्षा विभाग मुख्यालय के पास मिली, लोगों के मन में एक सवाल है कि मुर्गी वहां क्या करने गई थी। इसका उत्तर है कि वो पेंटागन जाना चाहती थी। उन्होंने आगे लिखा कि हम मजाक नहीं कर रहे बल्कि हमने मुर्गी को सिक्योरिटी एरिया से पकड़ा है। अगर किसी के पास इसके नाम के लिए सुझाव है, तो कृपया बताएं। बाद में उन्होंने बताया कि उनके अधिकारियों ने उसका नाम Henny Penny रखा है। वो जल्द ही लोकल एनिमल सेंचुरी में भेजी जाएगी।

मुर्गी कहां से आई?
संगठन के प्रवक्ता चेल्सी जोन्स ने कहा कि हमारे अधिकारियों को उसे लेने के लिए बुलाया गया था। सार्जेंट बलेना उसको पकड़कर एक सुरक्षित जगह ले गए थे। उनको ये बताने की इजाजत नहीं है कि मुर्गी को कहां देखा और पकड़ा गया। वो बस इतना बता सकते हैं कि मुर्गी सुरक्षा चौकी पर थी। अभी ये नहीं स्पष्ट हो पाया है कि मुर्गी कहां से आई और कैसे पेंटागन में पहुंची।












Click it and Unblock the Notifications