अयोध्या में रामलला के आगमन पर अमेरिका में मना बड़ा जश्न, वाशिंगटन में निकाली गई कार रैली
भारत के लिए जनवरी का महीना बेहद खास होने जा रहा है। अयोध्या में 22 जनवरी को धूमधाम से रामलला की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की जानी है। इस भव्य राम मंदिर की चर्चा दुनियाभर में हो रही है।
इसी बीच हिंदू अमेरिकी समुदाय के लोगों ने अयोध्या में राम मंदिर में अगले साल होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में शनिवार को वाशिंगटन डीसी में एक कार रैली का आयोजन किया।

आयोजकों ने बताया कि शनिवार दोपहर समुदाय के लोग 'फ्रेडरिक सिटी मैरीलैंड' के पास 'अयोध्या वे' में श्री भक्त अंजनेय मंदिर में जमा हुए। इस रैली के साथ ही भारत में राम मंदिर के निर्माण की खुशी में महीने भर के कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई।
विश्व हिंदू परिषद ऑफ अमेरिका डीसी चैप्टर के अध्यक्ष महेंद्र सापा ने कहा कि हिंदुओं के 500 साल के संघर्ष के बाद अयोध्या में भगवान श्री राम मंदिर का उद्घाटन किया जा रहा है। हम इसी खुशी में अगले साल 20 जनवरी को लगभग 1,000 अमेरिकी हिंदू परिवारों के साथ वाशिंगटन में एक ऐतिहासिक उत्सव आयोजित कर रहे हैं।
उत्सव में राम लीला आयोजित की जाएगी, श्री राम की कथाएं सुनाई जाएंगी, श्री राम की पूजा की जाएगी, भगवान श्री राम एवं उनके परिवार के लिए भजन गाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस उत्सव में अलग-अलग आयुवर्ग के लोग भगवान श्री राम के जीवन पर आधारित लगभग 45 मिनट की ऐसी प्रेजेंटेशन देंगे जो अमेरिकी लोगों को भी समझ आएगी।
सह-आयोजक और एक स्थानीय तमिल हिंदू नेता प्रेमकुमार स्वामीनाथन ने तमिल भाषा में भगवान श्री राम की स्तुति की और अमेरिका में 20 जनवरी को आयोजित होने वाले उत्सव में सभी परिवारों को आमंत्रित किया। कुछ आयोजकों ने कन्नड़, तेलुगु और अन्य भाषाओं में भगवान श्री राम के महत्व का वर्णन किया।
कार रैली का आयोजन करने वाले कृष्ण गुडिपति ने सभी श्री राम भक्तों को एक बड़ी कार और मोटरसाइकिल रैली के साथ अयोध्या मंदिर का उत्सव मनाने के लिए आमंत्रित किया। हिंदू नेता अंकुर मिश्रा ने कई हिंदू पीढ़ियों के लिए अयोध्या मंदिर के ऐतिहासिक उद्घाटन को याद रखने के महत्व पर जोर दिया।












Click it and Unblock the Notifications