'मोदी के भारत में भाग जाओ', खालिस्तानी आतंकी पन्नून ने कनाडाई भारतवंशी सांसद को धमकाया, गूंगे बने जस्टिन ट्रडो
Canada News: अल्बर्टा के एडमॉन्टन में बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर में तोड़फोड़ को लेकर बढ़ते तनाव के बीच, भारतीय मूल के कनाडाई सांसद एमपी चंद्र आर्य को 'सिख फॉर जस्टिस' के खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नून ने धमकी दी है।
खालिस्तानी आतंकवादी पन्नून ने भारतीय मूल के कनाडाई सांसद चंद्र आर्य को 'मोदी के भारत में भाग जाओ' की धमकी दी है। ये धमकी उस वक्त दी गई है, जब चंद्र आर्य ने मंदिर में खालिस्तान समर्थकों की तरफ से की गई तोड़फोड़ की निंदा की थी।

भारतवंशी कनाडाई सांसद को धमकी
आपको बता दें, कि सोमवार की सुबह अल्बर्टा के एडमॉन्टन में BAPS स्वामीनारायण मंदिर में तोड़फोड़ की गई और भारत के खिलाफ घणित भाषाओं का इस्तेमाल किया गया। खालिस्तानी आतंकियों ने मंदिर की दीवारों पर मोदी विरोधी और भारत विरोधी नारे लिखे। एडमॉन्टन, कनाडा की राजधानी से करीब 3400 किलोमीटर दूर पश्चिम-उत्तरपश्चिम में है। हालांकि, मंदिर चलाने वाले संगठन BAPS - बोचासनवासी अक्षरपुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था की तरफ से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
कनाडाई सांसद और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी के सदस्य चंद्र आर्य ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स पर पन्नून की तरफ से मिली धमकी के बारे में जानकारी दी है।
'सिख फॉर जस्टिस' के गुरपतवंत सिंह पन्नून ने एक धमकी भरे वीडियो में मांग की है, कि चंद्र आर्य और उनके हिंदू-कनाडाई दोस्त "मोदी के भारत लौट जाएं।"
वीडियो शेयर करते हुए चंद्र आर्य ने कहा, कि खालिस्तानी कनाडा को 'प्रदूषित' कर रहे हैं और अलगाववादी समूह हमारे कनाडाई चार्टर ऑफ राइट्स द्वारा गारंटीकृत स्वतंत्रता का 'दुरुपयोग' कर रहे हैं।
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी के सदस्य आर्य ने लिखा, "हम हिंदू दुनिया के सभी हिस्सों से अपने अद्भुत देश कनाडा आए हैं। दक्षिण एशिया के हर देश, अफ्रीका और कैरिबियन के कई देशों और दुनिया के कई अन्य हिस्सों से हम यहां आए हैं और कनाडा हमारी भूमि है।"
उन्होंने कहा, "हमने कनाडा के सामाजिक-आर्थिक विकास में बहुत अधिक सकारात्मक और उत्पादक योगदान दिया है और देना जारी रखेंगे। हिंदू संस्कृति और विरासत के हमारे लंबे इतिहास के साथ, हमने कनाडा के बहुसांस्कृतिक ताने-बाने को समृद्ध किया है।"
आर्य ने कहा है, कि "खालिस्तानी चरमपंथियों द्वारा हमारी भूमि को प्रदूषित किया जा रहा है, जो हमारे कनाडाई चार्टर ऑफ राइट्स द्वारा गारंटीकृत स्वतंत्रता का दुरुपयोग कर रहे हैं।"

सांसद चंद्र आर्य का यह बयान जून 2023 में ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में खालिस्तानी चरमपंथी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद भारत-कनाडा संबंधों में बढ़े तनाव के बीच आया है। पिछले साल सितंबर में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने निज्जर की मौत में भारत सरकार पर आरोप लगाए थे, जिसके बाद दोनों देशों के बीच के संबंध काफी तनावपूर्ण हो गये हैं।
भारत ने लगातार कनाडा द्वारा अपनी सीमाओं के भीतर स्वतंत्र रूप से काम कर रहे खालिस्तान समर्थक समूहों के प्रति कथित सहिष्णुता पर चिंता जताई है। नई दिल्ली ने ओटावा से इन तत्वों के खिलाफ निर्णायक कदम उठाने का आग्रह किया है और इस मुद्दे को हल करने के लिए मजबूत कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications