Canada Wildfires: कनाडा में तेजी से फैलती जा रही जंगल की आग, ब्रिटिश कोलंबिया में निकाले जा रहे हजारों लोग
Canada Wildfires News Updates: पश्चिमी कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में अधिकारियों ने हजारों निवासियों से चेतावनियों पर ध्यान देने और अपने घरों को खाली करने का आग्रह किया है, क्योंकि जंगलों में लगी आग तेजी से फैलती जा रही है, जिससे स्थिति काफी गंभीर हो गई है।
जंगल की आग ने केलोना शहर सहित सुंदर ओकानागन घाटी के बड़े हिस्से को खतरे में डाल दिया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यलोनाइफ शहर के सभी 20 हजार से ज्यादा लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने के आदेश दिए गये हैं, जबकि फायर ब्रिगेड लगातार इस कोशिश में है, कि आग को शहर तक फैलने से रोका जाए।

कनाडा में जंगल की आग से हड़कंप
इस साल कनाडा में लगी ये आग, अभी तक की सबसे भयानक आग है, जबकि सिर्फ इस साल अलग अलग जंगलों में लगी आग की वजह से 1.34 लाख स्क्वायर किलोमीटर का क्षेत्र जलकर खाक हो चुका है। वहीं, अभी भी देश के जंगलों में कम से कम एक हजार जगहों पर छोटी-मोटी आग लगी हुई है, जो 265 अलग अलग जंगलों में लगी हुई है, जबकि कनाडा सरकार की रिपोर्ट में कहा गया है, कि इस बार लगातार लगने वाली आग की घटनाओं की वजह से कम से कम 2 लाख लोगों को विस्थापित होना पड़ा है।
वहीं, ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत, जो अपनी खूबसूरती और नौकायन के लिए प्रसिद्ध है, वहां के आपातकालीन प्रबंधन मंत्री बोविन मा ने कहा है, कि स्थिति "अत्यधिक गतिशील है।"
उन्होंने कहा, कि करीब 30,000 लोगों को निकासी के आदेश दिए गए हैं, जबकि अन्य 36,000 लोगों को भागने के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी गई है। मंत्री बोविन मा ने दोपहर के संवाददाता सम्मेलन में कहा, "हम इस बात पर जोर नहीं दे सकते, कि निकासी आदेश जारी होने पर उनका पालन करना कितना महत्वपूर्ण है।"
उन्होंने कहा, कि "वे न केवल उन संपत्तियों में रहने वाले लोगों के लिए, बल्कि उनके लिए भी जीवन और मृत्यु का मामला हैं।"
वहीं, केलोना शहर, जिसकी आबादी करीब डेढ़ लाख है, वो शहर धुंएं से भर गया है और कनाडा में गर्मियों में लगने वाले आग का सेंटर ये शहर बन गया है।
प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा है, कि उन्होंने "तेजी से विकसित हो रही और अविश्वसनीय रूप से विनाशकारी जंगल की आग की स्थिति" के बारे में ब्रिटिश कोलंबिया के प्रधान मंत्री डेविड एबी से बात की है, और आपदा का जवाब देने के लिए संघीय संसाधनों को मुहैया कराने का वादा किया है।
आग रोकने काटे जा रहे पेड़
वहीं, यलोनाइफ शहर के मेयर रेबेका ने कहा है, कि आग को फैलने से रोकने के लिए जंगल में पेड़ों को काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा, कि पेड़ काटने के लिए स्पेशल टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने सीबीसी न्यूज से बात करते हुए कहा, कि यलोनाइफ शहर में धुएं का गुबार छाया हुआ है, जिसकी वजह से कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है।
कनाडा में आग लगने की सबसे बड़ी वजह लगातार बढ़ती गर्मी है। बदलते मौसम की वजह से अब कनाडा में सूखे की स्थिति बनने लगी है, लिहाजा जंगल में आग लगने की घटनाओं में भी लगातार इजाफा हो रहा है। स्थिति ये बन गई है, कि कनाडा में अब सर्दियों के महीने में बर्फबारी कम होने लगी है, और इसके पीछे की वजह जलवायु परिवर्तन है, जो अब दुनिया पर सीधा असर डाल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications