हर कश में जहरः पैकेट ही नहीं, अब हर सिगरेट पर भी लिखी जाएगी ये चेतावनी
धूम्रपान पर लगाम लगाने की कड़ी में कनाडा एक बार फिर दुनिया के सामने बड़ी मिसाल स्थापित करने जा रहा है। कनाडा दुनिया का पहला ऐसा देश बनने जा रहा है, जहां प्रत्येक सिगरेट पर स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी लिखना जरूरी होगा।
ओटावा, 13 जूनः धूम्रपान पर लगाम लगाने की कड़ी में कनाडा एक बार फिर दुनिया के सामने बड़ी मिसाल स्थापित करने जा रहा है। कनाडा दुनिया का पहला ऐसा देश बनने जा रहा है, जहां प्रत्येक सिगरेट पर स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी लिखना जरूरी होगा। दो दशक पहले कनाडा ने ही तंबाकू उत्पादों की पैकिंग पर चेतावनी के रूप में एक ग्राफिक चित्र लगाने की नीति लागू की गई थी। इसके बाद इस नीति को दुनियाभर में अपनाया गया है।
तस्वीर- प्रतिकात्मक

प्रभाव खो रहे थे पुराने संदेश
कनाडा की मानसिक स्वास्थ्य और व्यसन मंत्री कैरोलिन बेनेट ने कहा कि, हमें ऐसी चिंताओं को दूर करना है जिसमें कहा जाता है कि अब इन संदेशों का कोई असर नहीं होता। ये अपनी नवीनता और अपना प्रभाव खोते जा रहे हैं। अब हर तंबाकू उत्पाद पर स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी लिखने से सुनिश्चित किया जा सकेगा कि यह जरूरी संदेश प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। जिसमें वे युवा भी शामिल हैं, जो एक बार में एक सिगरेट लेते हैं और पैकेट पर लिखी चेतावनी नहीं देख पाते।

एक साल बाद होगा लागू
कैरोलिन बेनेट के मुताबिक ठीक एक साल बाद यानी 2023 की दूसरी छमाही के दौरान इस नए फैसले को लागू करने की योजना बनी है। इसके तहत हर सिगरेट पर 'Poison in every puff' यानी 'हर कश में जहर' संदेश लिखा मिलेगा। बेनेट ने सिगरेट के पैकेट के लिए चेतावनियों के बारे में भी बात की, जिसमें सिगरेट पीने की वजह से पेट के कैंसर, कोलोरेक्टल कैंसर, मधुमेह जैसे बीमारियों की एक लंबी सूची शामिल है।

सिगरेट पीने वाले लोगों में कमी
अगर कनाडा सांख्यिकी के आंकड़ों की मानें तो कनाडा में धूम्रपान की दर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। वर्तमान में लगभग 40 लोग कनाडा में रोजाना सिगरेट का सेवन करते हैं। कनाडा के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि यहां के लगभग 10 फीसदी लोगों ने नियमति धूम्रपान करने की सूचना दी। सरकार 2035 तक इस संख्या को 5 फीसदी तक पहुंचाने की कोशिश में जुटी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक कनाडा में बीस साल से अधिक के सिगरेट पीने वालों की संख्या 11 फीसदी हैं जबकि 15 से 19 वर्ष की उम्र में यह आंकड़ा मजह 4 फीसदी है।

पूरी दुनिया में कायम करेगी मिसाल
कनाडा ने दो दशक पहले फोटो चेतावनियां पेश की थीं लेकिन बीते एक दशक से छवियों को अपडेट नहीं किया गया है। कैनेडियन कैंसर सोसायटी के एक वरिष्ठ नीति विश्लेषक रॉब कनिंघम ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि हर सिगरेट पर लिखी चेतावनी पूरी दुनिया में मिसाल कायम करने जा रहा है। यह ऐसी चेतावनी होगी, जिसे आप आसानी से अनदेखा नहीं कर सकते हैं। यह हर धूम्रपान करने वाले तक पहुंचेगा।

धूम्रपान कम करने में मिलेगी मदद
इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कनाडा हार्ट एंड स्ट्रोक फाउंडेशन के सीईओ डग रोथ ने कहा कि कनाडा में अब दुनिया में सिगरेट के लिए सबसे मजबूत स्वास्थ्य चेतावनी की व्यवस्था होगी। ये घातक उत्पाद हैं और इन उपायों से धूम्रपान कम करने में मदद मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications