कनाडा में किसान को थम्स अप पड़ा भारी, कोर्ट ने ठोका 50 लाख का जुर्माना, जानिए जज ने क्या कहा?
Canada Court Thumbs-up emoji: डिजिटल वर्ल्ड में थम्स अप यानी अंगूठा दिखाकर संवाद वाले इमोजी का धड़ल्ले से इस्तेमाल होता है। कई बार संकेतों को अलग तरीके से भी देखा-समझा जाता है। अमेरिका में इसी थम्स अप के कारण किसान पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगा है।
दरअसल, कनाडा में एक न्यायाधीश ने किसान पर 61,000 अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगा दिया। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि थम्स-अप इमोजी दस्तावेज पर सहमति के बाद होने वाले हस्ताक्षर के रूप में काम कर सकता है।

किसान पर फाइन के आदेश में जज ने कहा, संवाद की "नई वास्तविकता" को अपनाने की जरूरत है। कनाडाई न्यायाधीश ने कहा, मोबाइल पर मैसेज में इस्तेमाल होने "थम्स-अप" इमोजी एक हस्ताक्षर के समान ही मान्य है।
कोर्ट ने एक किसान को अधूरे अनुबंध के लिए 61,442 अमेरिकी डॉलर का भुगतान करने का आदेश दिया। द गार्डियन की एक रिपोर्ट के अनुसार जज ने तर्क दिया कि अदालतों को लोगों के संवाद करने के तरीके की "नई वास्तविकता" को अपनाने की जरूरत है।
कनाडा के किसान पर भारी-भरकम जुर्माने को लेकर इंडिया टुडे की रिपोर्ट में बताया गया कि कनाडाई प्रांत सस्केचेवान में किंग्स बेंच की अदालत ने किसान और खरीदार के बीच डील को लेकर जुर्माने का फैसला सुनाया है।
खबर के अनुसार, अनाज खरीदार ने मार्च 2021 में अपने ग्राहकों को एक प्रसारण संदेश भेजा। इसमें घोषणा की गई थी कि उनकी कंपनी 12.73 अमेरिकी डॉलर (1051 रुपये) प्रति बुशेल की कीमत पर 86 टन सन (flax) खरीदने की योजना बना रही है।
खरीदार, केंट मिकलेबोरो ने किसान, क्रिस एक्टर को फोन किया और उन्हें नवंबर में अनाज की डिलीवरी की बात कही। किसान को अनुबंध की एक तस्वीर के साथ "कृपया फ्लैक्स अनुबंध की पुष्टि करें" अनुरोध करते हुए लिखित संदेश भेजा गया।
कनाडा के किसान क्रिस एक्टर ने थम्स-अप इमोजी के साथ मिकलेबोरो को जवाब दिया, लेकि वह नवंबर तक सन की डिलीवरी करने में विफल रहे। उस समय तक, फसल की कीमतें बढ़ चुकी थीं।
केंट मिकलेबोरो किसान क्रिस एक्टर के थम्स-अप इमोजी वाले रिप्लाई के आधार पर अदालत पहुंच गए। अपने तरह के इस अनोखे विवाद पर मिकलेबोरो ने लिखित संदेश के माध्यम से पुष्टि किए गए पिछले अनुबंधों की ओर इशारा किया।
इसमें इमोजी का मतलब था कि किसान क्रिस एक्टर अनुबंध की शर्तों से सहमत थे। जुर्माने से बचने के लिए क्रिस एक्टर ने कहा कि इमोजी भेजने का उनका संकेत केवल इतना था कि उन्हें टेक्स्ट संदेश में अनुबंध प्राप्त हुआ है।
दो साल से अधिक पुराने इस केस में किसान ने कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कहा, "मैं इस बात से इनकार करता हूं कि उन्होंने अंगूठे वाले इमोजी को अधूरे अनुबंध के डिजिटल हस्ताक्षर के रूप में स्वीकार किया।"
हालांकि, न्यायमूर्ति टिमोथी कीने ने अपने आदेश में किसान की दलील खारिज कर कहा, अदालत स्वीकार करती है कि थम्स-अप इमोजी किसी दस्तावेज़ पर 'हस्ताक्षर' करने का एक गैर-पारंपरिक साधन है।
कोर्ट ने कहा, भले ही थम्स-अप साइन का पॉपुलर तरीका नहीं, इसके बावजूद इस केस की परिस्थितियों में, थम्स-अप 'एक हस्ताक्षर' को व्यक्त करने का वैध तरीका माना जाएगा। अब किसान को केंट मिकलेबोरो को USD 61,442 (भारतीय करेंसी में करीब 50 लाख रुपये) चुकाने होंगे।












Click it and Unblock the Notifications