Canada: खालिस्तानियों के उत्पात के बीच कनाडा में भोलेनाथ की सबसे ऊंची मूर्ति का उद्घाटन, देखते रह गए कट्टरवादी
Canada: कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में हिंदुुओं के लिए गर्व का पल है। यहां के भवानी शंकर मंदिर में भगवान शिव की 54 फुट ऊंची प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। यह प्रतिमा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सांस्कृतिक और विरासत के लिहाज से भी ब्रैम्पटन की पहचान को और मजबूत करेगी। यह उत्तरी अमेरिका में भगवान शिव की अपनी तरह की सबसे ऊंची प्रतिमा है।
मंदिर के लिए हिन्दुओं का चंदा
स्थानीय हिंदू समुदाय के सामूहिक प्रयास, चंदा, और अन्य दान समेत स्वयंसेवकों के योगदान से इसे तैयार किया गया। लगभग दो सालों की मेहनत के बाद प्रतिमा को बनाने के काम पूरा किया गया। उद्घाटन के मौके पर मंदिर हिन्दुओं द्वारा नेक्सस एवेन्यू से एक भव्य परेड भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

भवानी शंकर मंदिर के मीडिया और सामुदायिक संबंध अधिकारी थामेश सिंह ने कहा - "यह सिर्फ एक मूर्ति नहीं है, बल्कि एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मील का पत्थर है जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। यह प्रतिमा ब्रैम्पटन की बहुसांस्कृतिक पहचान को और ऊँचा उठाती है और दिखाती है कि यहां विश्व की विविध परंपराएँ कैसे फल-फूल रही हैं।"
देवी-देवताओं की तीन बड़ी मूर्तियां ब्रैम्पटन की धार्मिक पहचान
इस प्रतिमा के साथ अब ब्रैम्पटन और आस-पास के क्षेत्र में हिंदू देवी-देवताओं की तीन प्रमुख प्रतिमाएं हो गई हैं -
• 55 फुट ऊंची भगवान हनुमान प्रतिमा - ब्रैम्पटन के हिंदू सभा मंदिर में, जो कनाडा में किसी भी हिंदू देवता की सबसे ऊंची प्रतिमा है।
• 51 फुट ऊंची भगवान राम प्रतिमा - मिसिसॉगा के हिंदू हेरिटेज सेंटर में, जिसका अनावरण हाल ही में किया गया।
• 54 फुट ऊंची भगवान शिव प्रतिमा - भवानी शंकर मंदिर में नई स्थापित प्रतिमा।
ये तीनों मूर्तियां ब्रैम्पटन और जीटीए (ग्रेटर टोरंटो एरिया) को आस्था और संस्कृति का प्रमुख केंद्र बना रही हैं।
राजस्थान के कलाकार की कला का अनोखा नमूना
इस विशाल प्रतिमा को प्रसिद्ध कलाकार नरेश कुमार कुमावत ने डिजाइन किया है। कुमावत राजस्थान से हैं और हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां बनाने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने 80 से अधिक देशों में 200 से ज्यादा मूर्तियां बनाई हैं।
कुमावत द्वारा बनाई गई प्रसिद्ध मूर्तियां -
• नाथद्वारा (राजस्थान) में 369 फुट ऊंची बैठी हुई भगवान शिव की प्रतिमा
• सोलन (हिमाचल प्रदेश) में 156 फुट ऊंची भगवान हनुमान की प्रतिमा
• नए संसद भवन में प्रदर्शित 75 फुट ऊंचा समुद्र मंथन भित्तिचित्र
आस्था का केंद्र ब्रैम्पटन
ब्रैम्पटन, जो कनाडा के सबसे विविध और बहुसांस्कृतिक शहरों में गिना जाता है, इस नई प्रतिमा के जरिए अब आस्था, संस्कृति और विरासत का और भी मजबूत प्रतीक बनकर उभरा है। हिंदू समुदाय के साथ-साथ अन्य सांस्कृतिक समूहों के लिए यह स्थान आध्यात्मिक एकता और वैश्विक परंपराओं के मेल का प्रतीक बन गया है।
खालिस्तानी उन्माद के बीच मंदिर
ये मूर्तियां तब स्थापित हुईं हैं जब वैंकूवर और ब्रैम्पटन में बड़े स्तर पर खालिस्तानी चरमपंथियों का उन्माद चरम पर है। साथ ही खालिस्तानी आए दिन हिन्दू मंदिरों को निशाना भी बनाते रहते हैं। ऐसे में इन मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का महत्व और भी बढ़ जाता है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications