सीरिया के अलेप्पो में पांच मंजिला इमारत गिरी, 13 लोगों की मौत
सीरिया के उत्तरी शहर अलेप्पो में रविवार तड़के पांच मंजिला एक इमारत के ढह गई। हादसे में एक बच्चे समेत कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई।

Image: Twitter
सीरिया के दूसरे सबसे बड़े शहर अलेप्पो में रविवार सुबह एक पांच मंजिला इमारत ढहने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है। फिलहाल बचावकर्मी मलबे में लोगों की तलाश कर रहे हैं। हादसे के समय इमारत में 30 लोग मौजूद थे। सीरियाई राज्य मीडिया ने इस बात की जानकारी दी है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका समर्थित कुर्द के नेतृत्व वाली सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेस के नियंत्रण में यह इमारत थी। स्थानीय मीडिया के मुताबिक रिसाव के कारण पांच मंजिला इमारत की नींव कमजोर हो गई थी, जिससे वह ढह गई।
जानकारी के मुताबिक फायर विभाग की गाड़ियां, पुलिस, बुलडोजर आदि मौके पर मौजूद हैं। इस हादसे के बाद लोग अपने पड़ोसियों और रिश्तेदारों की तलाश में जुटे हुए हैं। कुछ लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अलेप्पो में हाल के वर्षों में इमारतों के ढहने के कई मामले सामने आए हैं। यहां के कई इमारतों को सीरिया के 11 साल के संघर्ष के दौरान नष्ट या क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन इमारतों में रहने वाले कई लोगों दूसरी जगह भेज दिया गया था, जबकि कुछ लोग वहीं रहे और उस जगह का कोई व्यवस्थित पुनर्निर्माण नहीं हुआ है और राज्य सेवाएं नहीं मिलती हैं।
इमारतों की कमजोरी को लेकर सियासत तेज
इन कमजोर इमारतों को लेकर विपक्ष ने राष्ट्रपति बशर अल-असद पर निवासियों को दंडित करने के लिए उन जिलों से सेवाओं को रोकने का आरोप लगाया है, जहां उनके खिलाफ विद्रोह भड़क उठा था। विपक्ष का कहना है कि कई मामलों में युद्ध में क्षतिग्रस्त इमारतों की मरम्मत का काम स्थानीय लोगों द्वारा किया जाता है और इन्हें भुगतान किया जाता है। हालांकि सरकार इस आरोप से इनकार करती है। सरकार का कहना है कि युद्ध और पश्चिमी प्रतिबंधों के कारण ऐसी समस्याएं हो रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications