ब्रिटेन में लिज ट्रस नहीं जीत पा रहीं टोरी सांसदों का ‘ट्रस्ट’, जानिए कैसे छिन सकती है प्रधानमंत्री की कुर्सी?
ब्रिटिश प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने उन सांसदों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निश्चय कर लिया है जो एकता और अनुशासन टूटने के बीच अपनी कंजर्वेटिव पार्टी के साथ वोट करने में विफल रहे हैं।
ब्रिटेन में लिज ट्रस के प्रधानमंत्री पद छोड़ने को लेकर अटकलें तेज होती जा रही हैं। कंजर्वेटिव पार्टी में हालात ठीक नहीं है और इस बात पर बहस तेज हो चुकी है कि क्या प्रधानमंत्री को हटा देना चाहिए। कई सांसदों का ऐसा मानना है कि ये जरूरी है, उन्हें जितनी जल्दी हो सके हटा देना चाहिए। इसे पीएम दुर्भाग्य कहिए कि ऐसा मानने वाले सांसदों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। बुधवार को गृहमंत्री सुएला ब्रेवरमैन के इस्तीफे के बाद एक बार कंजरवेटिव पार्टी की एक और सांसद शेरिल मरे ने भी सार्वजनिक रूप से अपने ही प्रधानमंत्री को हटाने की मांग की है।
Image- File

बदल सकता है पार्टी का सौ साल पुराना नियम
ऐसा कहा जा रहा है कि यदि अध्यक्ष को ऐसे आवेदन लगातार मिलने लगें तो 1922 समिति के अध्यक्ष सर ग्राहम ब्रैडी चुनाव प्रक्रिया से जुड़े नियमों को बदल सकते हैं। नए नियम में ऐसा हो सकता है कि दो उम्मीदवारों की एक शॉर्टलिस्ट तैयार हो जिसमें से किसी एक को अगला प्रधानमंत्री चुना जाएगा। टोरी सांसद तय करेंगे कि कौन अगला पीएम हो। इसमें पिछले नियम को बदल दिया जाएगा जिसमें पार्टी के सदस्यों के पास देश के पीएम को चुनने का अधिकार नहीं रहेगा।

चुनाव हुए तो पार्टी को हो सकता है नुकसान
एक अन्य विकल्प यह भी हो सकता है कि लिज ट्रस टोरी सांसदों की नाराजगी को देखते हुए खुद इस्तीफा दे दें और देश में आम चुनाव कराने की घोषणा कर दें। हालांकि यह दूसरा विकल्प लगभग असंभव सा लगता है। देश में फिलहाल कंजरवेटिव पार्टी अलोकप्रिय है और अगर ऐसे में चुनाव होते हैं तो पार्टी को तगड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। कुछ दिन पहले भी लिज ट्रस ने यह दावा किया था कि अगला आमचुनाव कंजरवेटिव पार्टी उनके नेतृत्व में ही लड़ेगी। लिज ट्रस ने संसद से माफी मांगते हुए खुद को एक योद्धा करार दिया था।

लिज ट्रस ने खुद ''योद्धा'' करार दिया
दरअसल लिज ट्रस जब संसद में बोल रही थीं तो कई सांसदों ने उनकी हूटिंग की और उनका इस्तीफा मांगा। विपक्षी लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ने चिल्लाकर उनके पूछा कि वह अभी भी संसद में क्यों हैं? इस पर ट्रस ने जवाब दिया, ''मैं योद्धा हूं न कि मैदान छोड़कर भागने वाली। मैंने आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय हित में काम किया है।'' इसके साथ ही पीएम लिज ट्रस ने उन सांसदों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का वादा किया है, जो पार्टी की एकता और अनुशासन को तोड़ने की कोशिशों में जुटे हुए हैं।

विरोधी सांसदों पर एक्शन ले सकती हैं लिज ट्रस
एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि व्हिप अब कंजरवेटिव सांसदों से बात करेंगे जो सरकार का समर्थन करने में विफल रहे हैं। जिन लोगों के पास सरकार के साथ मतदान करने में विफल रहने का उचित बहाना नहीं है उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की उम्मीद किए जाने की उम्मीद है। बतादें कि इससे पहले लिज ट्रस की सरकार ने 23 सितंबर को करों में कटौती की घोषणा की थी, जिससे वित्तीय बाजारों में संकट पैदा हो गया था। इस दौरान पाउंड की कीमत गिर गयी तथा ब्रिटिश सरकार की उधारी की लागत बढ़ गयी। इससे पीएम लिज ट्रस की इमेज को खूब चोट पहुंची है।












Click it and Unblock the Notifications