रूसी आक्रमण के बीच यूक्रेन की राजधानी पहुंचे ब्रिटिश प्रधानमंत्री, जेलेंस्की से की मुलाकात
नई दिल्ली, 9 अप्रैल: यूक्रेन के कई शहरों पर रूस का हमला जारी है। इस बीच ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने सबको चौंका दिया, जहां वो शनिवार को अचानक युद्धग्रस्त यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचे और वहां के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की। ब्रिटिश और यूक्रेनी अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है। मामले में ब्रिटिश दूतावास ने कहा कि प्रधानमंत्री जॉनसन ने यूक्रेन के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए ये कदम उठाया है।

इस मुलाकात के बाद पीएम जॉनसन ने कहा कि हम वित्तीय और सैन्य सहायता का एक नया पैकेज तैयार कर रहे हैं, जो रूस के बर्बर अभियान के खिलाफ यूक्रेन की मदद करेगा। वहीं जेलेंस्की की सहयोगी एंड्री सिबिहा ने इस मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि दोनों नेताओं के बीच अहम बैठक हुई है। ब्रिटेन यूक्रेन के रक्षा समर्थन में सबसे आगे है। उन्होंने जॉनसन को युद्ध-विरोधी गठबंधन और रूसी आक्रमणकारियों पर प्रतिबंधों का नेता बताया।
वहीं दूसरी ओर एक दिन पहले यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वोन डेर लेयेन और यूरोपीय संघ की नीति प्रमुख जोसेप बोरेल ने भी कीव का दौरा किया था। उनके साथ ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहेमर भी मौजूद थे। उस दौरान भी कई यूक्रेनी नेताओं और अधिकारियों ने उनके सामने अपना पक्ष रखा था।
कीव से हट गई है रूसी सेना
आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले एक समझौते के बाद रूसी सेना ने कीव को छोड़ दिया था। अब वो यूक्रेन के पूर्वी क्षेत्र पर ध्यान दे रही है। हाल ही में यूक्रेन ने आरोप लगाया था कि रूस ने यात्रियों से भरे क्रामातोरस्क रेलवे स्टेशन को रॉकेट से उड़ा दिया, जिसमें 35 लोगों की मौत हुई, जबकि सैकड़ों घायल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications