नए साल पर काबुल में मिलिट्री एयरपोर्ट के बाहर धमाका, कम से कम 10 लोगों के मारे जाने की आशंका
तालिबान के प्रवक्ता अब्दुल नफी तकोर ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि काबुल मिलिट्री एयरपोर्ट के गेट के समीप यह धमाका सुबह के समय हुआ। उन्होंने कहा कि विस्फोट का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

Image: ANI
नए साल भी अफगानिस्तान के लिए बीते साल की तरह बुरा ही साबित हुआ है। आंतिकयों ने एक और हमले को अंजाम देते हुए अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में धमाका किया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस धमाके में कम से कम 10 लोगों के मारे जाने और लगभग एक दर्जन लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
तालिबान प्रवक्ता ने की पुष्टि
तालिबान के प्रवक्ता अब्दुल नफी तकोर ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि काबुल मिलिट्री एयरपोर्ट के गेट के समीप यह धमाका सुबह के समय हुआ। उन्होंने कहा कि विस्फोट का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। तकोर ने कहा कि इस हमले में हमारे कई हमवतन शहीद और घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। अफगान मीडिया के अनुसार, मौके पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंच चुकी हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस बल के जवानों और सुरक्षा अधिकारियों ने विस्फोट स्थल की ओर जाने वाली सड़कों पर यातायात को रोक दिया है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
चार दिन पहले भी हुआ था धमाका
चार दिन पहले यानी 28 दिसंबर को भी अफगानिस्तान के तालुकन प्रोविंस में धमाका हुआ था। जिसमें 4 लोग घायल हो गए थे। ताखर में तालिबान के सुरक्षा कमांडर अब्दुल मुबीन सफी ने बताया था कि एक स्थानीय प्रशासनिक कर्मचारी के डेस्क के नीचे एक बम रखा गया था, जिसके फटने से यह घटना हुई। इससे पहले 26 दिसंबर को भी एक बादाखशान प्रोविंस में हुए धमाके में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई थी।
चीनी होटल पर ISIS का हमला
12 दिसंबर को काबुल के शहर-ए-नवा होटल में आतंकियों ने हमला कर दिया था। इस होटल को चाइनीज होटल कहा जाता है क्योंकि यह चीनी लोगों का पसंदीदा होटल है। इस हमले में 5 चीनी नागरिक घायल हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (ISIS) ने ली थी। ISIS ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए बताया कि उसने ये हमला चीनी व्यापारियों को टारगेट करने के लिए किया था। ISIS ने कहा कि उसके 2 सदस्यों ने काबुल में उस बड़े होटल पर हमला किया था।












Click it and Unblock the Notifications