Black Myth: Wukong- चीन के इस गेम ने दुनियाभर में क्यों मचाया तूफान? भारत से जोड़ रखा है कनेक्शन
Black Myth: Wukong: चीन में बने एक नये वीडियो गेम ने दुनिया भर में हलचल मचा दी है, और सिर्फ तीन दिनों के भीतर 10 मिलियन से ज्यादा इसकी प्रतियां बिक गईं है, जिससे ये गेम चीन का अभी तक का सबसे ज्यादा कामयाब गेम बन गया है।
2023 के अनुमानों के मुताबिक, चीन का गेमिंग इंडस्ट्री करीब 40 बिलियन डॉलर का है। डेवलपर गेम साइंस (GS) ने इस वीडियो गेम ब्लैक मिथ: वुकोंग को डेवलप किया है, जिसने अब तक अनुमानित 800-900 मिलियन डॉलर की कमाई की है, जिसके बारे में दावा किया गया है, कि यह चीनी संस्कृति को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने में मदद करेगा।

चीनी गेम से दुनियाभर में तूफान
माना जाता है कि यह गेम चीन का पहला AAA वीडियो गेम है, जिसे छह वर्षों में लगभग 70 मिलियन डॉलर की लागत से विकसित किया गया था। AAA एक क्लासिफिकेशन है, जिसका उपयोग किसी बड़े वीडियो गेम डेवलपर के हाई-बजट या हाई-प्रोफाइल गेम को दर्शाने के लिए किया जाता है।
इस गेम की लोकप्रियता ने अभी तक के तमाम रिकॉर्ड्स तोड़ दिए हैं, लिहाजा दुनियाभर के आलोचकों का ध्यान इस गेम की तरफ गया है। आलोचकों ने इस गेम में छिपे लिंगभेद की स्पष्ट संस्कृति की तरफ इशारा किया है, क्योंकि डेवलपर ने इस गेम को लेकर 'क्या करें' और 'क्या ना करें' की एक विवादास्पद सूची भी जारी की है।
डेवलपर ने गेम खेलने वालों से कई शब्दों का इस्तेमाल नहीं करने को लेकर गाइडलाइंस जारी किया है, जैसे क्वारंटीन, आइसोलेशन, कोविड 19 या फिर राजनीति।
चीन लंबे समय से अपनी COVID-19 नीतियों पर आलोचना के प्रति संवेदनशील रहा है, जिसमें ऐसे प्रतिबंध शामिल हैं, जो दुनिया के अधिकांश हिस्सों के खुलने के लंबे समय बाद भी जारी रहे। हालांकि, आलोचनाओं के बावजूद इसकी बिक्री पर कोई असर नहीं पड़ा है और 20 अगस्त को रिलीज होने के बाद से इसकी 18 मिलियन प्रतियां बिक चुकी हैं।
वीडियो गेम इंडस्ट्री को कवर करने वाली एक ऑनलाइन पत्रिका गेम वर्ल्ड ऑब्जर्वर के मुताबिक, वुकोंग की बिक्री हाल के वर्षों में इसी तरह की ब्लॉकबस्टर रिलीज़वाले अन्य खेलों की तुलना में जबरदस्त है। मई 2023 में रिलीज होने वाली द लीजेंड ऑफ ज़ेल्डा: टियर्स ऑफ द किंगडम और नवंबर 2022 में रिलीज होने वाली पोकेमॉन स्कारलेट एंड वायलेट, दोनों ने तीन दिनों में 10 मिलियन प्रतियां बेचीं थीं।
ब्लैक मिथ गेम किस बारे में है?
ब्लैक मिथ: वुकोंग एक सिंगल-प्लेयर एक्शन गेम है, जो 16वीं सदी के क्लासिक चीनी उपन्यास जर्नी टू द वेस्ट से प्रेरित है। यह उपन्यास बौद्ध भिक्षु जुआनजांग की सातवीं सदी की वास्तविक तीर्थयात्रा पर आधारित है, जो पवित्र ग्रंथों की खोज में भारत आए थे।
इसके बाद यह गेम मंकी किंग सन वुकोंग की कहानी को फॉलो करता है, जब वह खोए हुए अवशेषों को वापस पाने के लिए एक महाकाव्य यात्रा पर निकलता है। खिलाड़ी "द डेस्टिनेड वन" की भूमिका निभाते हैं, जो अलौकिक आकार बदलने वाली शक्तियों और युद्ध तकनीकों वाला एक मानवरूपी बंदर है। अपने हाई क्वालिटी रियल ग्राफिक्स और आश्चर्यजनक दृश्यों और आकर्षक गेमप्ले के साथ, इसने गेमिंग समुदाय में जबरदस्त क्रेज पैदा किया और ब्लैक मिथ: वुकोंग रेडिट बोर्ड और ट्विच लाइवस्ट्रीम पर बहुत से लोग इसे पसंद कर रहे हैं।
ब्लैक मिथ गेम में विवाद किस बात पर है?
नवंबर में, यूनाइटेड स्टेट्स वीडियो गेम और मनोरंजन मीडिया कंपनी IGN ने ब्लैक मिथ: वुकोंग के कुछ डेवलपर्स द्वारा सार्वजनिक किए गए सेक्सिस्ट पोस्ट के कथित इतिहास पर रिपोर्ट की थी। इसके अलावा, गेम के डेवलपर द्वारा प्रभावशाली लोगों और स्ट्रीमर्स के लिए जारी किए गए गाइडलाइंस की भी आलोचना की थी। उद्योग के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, साधारण तौर पर वीडियो गेम्स में गाइडलाइंस नहीं होते हैं।
गाइडलाइंस क्या हैं?
- खेल का आनंद लें!
- अन्य प्रभावशाली व्यक्तियों या खिलाड़ियों का अपमान न करें।
- किसी भी आपत्तिजनक भाषा/हास्य का प्रयोग न करें।
- राजनीति, हिंसा, नग्नता, फैमिनिस्ट प्रोपेगेंडा, कामुकता और अन्य ऐसी सामग्री शामिल न करें, जो नकारात्मक चर्चा को बढ़ावा देती हो।
- "क्वारंटाइन" या "आइसोलेशन" या "कोविड-19" जैसे उत्तेजक शब्दों का प्रयोग न करें।
- चीन की खेल इंडस्ट्रियल पॉलिसी, कंटेट और समाचारों से संबंधित सामग्री पर चर्चा न करें।
गेम साइंस ने IGN लेख पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है और न ही ब्लैक मिथ: वुकोंग के लिए भेजे गए दिशा-निर्देशों पर कोई बयान दिया है। गेम साइंस में सबसे बड़े निवेशकों में से एक बीजिंग स्थित हीरो गेम्स ने भी कोई टिप्पणी नहीं की है।
गेमकल्ट के पूर्व पत्रकार बेनोइट "एक्ससर्व" रीनियर उन व्यक्तियों में से थे जिन्हें गेम साइंस से गाइडलाइंस मिले हुए थे और उन्होंने एक सार्वजनिक वीडियो जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि वे ब्लैक मिथ: वुकोंग की समीक्षा नहीं करेंगे, उन्होंने सेंसरशिप की चिंताओं के कारण गाइडलाइंस को "हास्यास्पद" बताया है।
ब्लैक मिथ इतना लोकप्रिय क्यों है?
ब्लैक मिथ को पहली बार 2020 में 13 मिनट के प्री-अल्फा ट्रेलर के साथ पेश किया गया था, जिसे अंततः YouTube पर दो मिलियन और चीनी स्ट्रीमिंग साइट बिलिबिली पर 10 मिलियन बार देखा गया। और फिर चार सालों के बाद इसे रिलीज किया गया, जिसने रिलीज होते ही रिकॉर्ड तोड़ने शुरू कर दिए। इसके अलावा, यह चीनी वीडियो गेम उद्योग की पहली AAA रिलीज थी।
ब्लैक मिथ की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक चीनी और अंग्रेजी बोलने वाले दर्शकों के बीच अपनी पैठ बनाना और उनके साथ जुड़ना था। पीसी गेमर, जो 20 वर्षों से कंप्यूटर गेम की समीक्षा कर रहा है, उसने ब्लैक मिथ: वुकोंग के निर्माता गेम साइंस से भाषा अनुवाद की चुनौतियों के बारे में बात की।
गेम साइंस के एक डेवलपर ने हाल ही में एक लेख में कहा, कि "इस गेम में चीनी और अंग्रेजी भाषा के अंतर को दूर कर दिया गया है और जब आप भाषा के अंतर को दूर करते हैं, तो आप पाते हैं कि जर्नी टू द वेस्ट में एक अलग ही भावना है।"
वहीं, एक अन्य लेख में, याप हुई बिन, जो लंबे समय से गेमर हैं और टेकगुंडू के लेखक हैं - एक सिंगापुर की डिजिटल समाचार साइट जो प्रौद्योगिकी और गेमिंग संस्कृति को कवर करती है - उन्होंने ब्लैक मिथ: वुकोंग के डिजाइनरों को अंग्रेजी बोलने वाले दर्शकों तक पहुंचने के लिए विशेष काम करने का श्रेय दिया है।
उन्होंने कहा, कि "इस गेम में अग्रेजी ट्रांसलेशन, लिखित और मौखित, दोनों ही तरफ से शानदार स्टैंडर्ड के हैं। सबसे प्रभावशाली बात यह है कि कविताओं, दंतकथाओं और मिथकों की तुकबंदी और अनुप्रास में कड़ी मेहनत की गई है, जो अंग्रेजी बोलने वाले दर्शकों को चीनी दंतकथाओं और संस्कृति से परिचित कराने का एक शानदार तरीका है।"
ब्लैक मिथ: वुकोंग की जबरदस्त सफलता न केवल चीन के गेमिंग इंडस्ट्री को बढ़ावा देती है, बल्कि एक सांस्कृतिक राजदूत के रूप में भी काम करती है, जो दुनिया भर के खिलाड़ियों को चीनी पौराणिक कथाओं के तत्वों से परिचित कराती है। यह उपलब्धि वैश्विक गेमिंग बाजार में एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी के रूप में खुद को स्थापित करने में चीन के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।












Click it and Unblock the Notifications