होंडुरास से आई Bitcoin को लेकर अच्छी खबर, लगा पहला क्रिप्टोकरेंसी ATM, जानिए कैसे करेगा काम?
टेगुचीगाल्पा, 29 अगस्त। क्रिप्टोकरेंसी को लेकर दुनिया भर में स्वीकार्यता बढ़ती जा रही है। इसका हाल ही में बड़ा सबूत है मध्य अमेरिकी देश होंडुरास, जहां पर देश का पहला बिटकॉइन एटीएम खोला गया है। खास बात है कि कुछ दिन पहले ही होंडुरास को पड़ोसी देश एल सल्वाडोर बिटकॉइन को कानूनी निविदा (लीगल टेंडर) के रूप में मान्यता देने वाला पहला देश बना था।

यह एटीएम होंडुरास की फर्म टीजीयू कंसल्टिंग ग्रुप ने राजधानी स्थित अपने ऑफिस टॉवर में लगाया है।
टीजीयू के सीईओ जुआन मायेन इस एटीएम को लगाने के समर्थकों में प्रमुख थे। उनका मानना है कि एटीएम के आने से लोगों में क्रिप्टोकरेंसी को लेकर लोगों को शिक्षित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि "अब तक क्रिप्टोकरेंसी को खरीदने का कोई स्वचालित तरीका नहीं था। आपको इसे पीयर-टू-पीयर करना पड़ता था जिसके लिए ऐसे व्यक्ति की तलाश करनी पड़ती है जो इसे करने के लिए तैयार हो। इसके लिए नकद राशि लेकर जानी पड़ती है जो कि होंडुरास की स्थिति को देखते हुए बहुत ही खतरनाक और असुविधाजनक है।"
कैसे काम करेगा एटीएम?
होंडुरास ने जिस मशीन को स्थापित किया है उसे "ला बिटकोइनेरा" नाम दिया गया है। इस मशीन के जरिए यूजर देश की स्थानीय मुद्रा लेम्पिरा के बदले बिटकॉइन और एथेरियम करेंसी ले सकते हैं।
इस एटीएम से क्रिप्टोकरेंसी को खरीदने के लिए यूजर को अपनी आधिकारिक पहचान को स्कैन करना होगा। यूजर को अपना व्यक्तिगत डेटा जैसे फोन नंबर दर्ज करना होगा।
इसके पहले होंडुरास का पड़ोसी देश एल सल्वाडोर बिटकॉइन को कानूनी निविदा के रूप में मान्यता देने वाला पहला देश बना था। एल सल्वाडोर की कांग्रेस ने जून में राष्ट्रपति नायब बुकेले के एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी जिसमें बिटकॉइन को देश में कानूनी निविदा के रूप में अपनाने को मान्यता दी गई थी। एल सल्वाडोर ने भी कहा है कि वह बिटकॉइन एटीएम लगाने की योजना पर काम कर रहा है और जल्द ही इसे शुरू कर दिया जाएगा।
आज का क्रिप्टो भाव
रविवार को क्रिप्टो बाजार पर नजर डालें तो यह मिक्स में कारोबा करता नजर आ रहा है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी रविवार सुबह 8 बजे 49,371 के करीब कारोबार कर रही थी जो कि 24 घंटे में मामूली कम है। इसके साथ ही दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी 3271 डॉलर पर पहुंच गई।
हाल के दिनों में तेजी से बढ़ी कार्डानो ने हल्की गिरावट देखी है और यह 2.84 डॉलर पर है। वहीं बिनांस कॉइन कीमत 493 डॉलर के स्तर पर है।
वैश्विक क्रिप्टो मार्केट कैप 2.12 ट्रिलियन डॉलर पर है जो कि पिछले दिन के मुकाबले 0.46 प्रतिशत की बढ़त पर पहुंचा है।












Click it and Unblock the Notifications