पाकिस्तान के विदेश मंत्री बनेंगे बिलावल भुट्टो, तो इसलिए इशाक डार को 'जबरदस्ती' बनाया डिप्टी पीएम?
पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री और पीपीपी नेता बिलावल भुट्टो एक बार फिर से शहबाज शरीफ के साथ सरकार में दिख सकते हैं। वे एक बार फिर से पाकिस्तान के विदेश मंत्री बन सकते हैं। पाकिस्तान के अखबार 'द ट्रिब्यून' ने ये दावा किया है।
अखबार के मुताबिक पाकिस्तान की सत्ताधारी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) और पीपीपी के बीच सत्ता में साझेदारी को लेकर सहमति बन गई है। बिलावल पहले विदेश मंत्री बनने को तैयार नहीं थे लेकिन लगभग 2 महीने के बाद अब उनका मन भी बदला दिखाई दे रहा है।

इससे पहले पाकिस्तान चुनाव परिणाम के बाद बिलावल भुट्टो ने कहा था कि उनकी पार्टी पीएमएल-एन के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देगी लेकिन वो कैबिनेट का हिस्सा नहीं बनेगी। बिलावल भुट्टो ने चुनाव के दौरान भी ये कहा था कि अगर नवाज जीते तो वो फिर से उनकी कैबिनेट में विदेश मंत्री का पद नहीं संभालेंगे।
इसके बाद चुनाव परिणाम आए तो किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिल पाया। चुनाव के बाद PML-N के नेतृत्व में बनी सरकार में भी PPP ने शामिल होने से मना कर दिया था। हालांकि बिलावल भुट्टो की पार्टी ने नवाज शरीफ की पार्टी को बाहर से समर्थन देने का वादा किया।
इसके बाद PML-N के शहबाज शरीफ प्रधानमंत्री बने थे, वहीं PPP के आसिफ अली जरदारी ने राष्ट्रपति का पद संभाला। पाकिस्तान में जून के पहले सप्ताह में बजट पेश होना है। अखबार ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि शहबाज शरीफ चाहते हैं कि पीपीपी बजट से पहले कैबिनेट में शामिल हो।
हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि PPP बजट से पहले शामिल होगी या बाद में, लेकिन एक बात तय है कि पीपीपी जून में कैबिनेट का हिस्सा होगी। हाल ही में मौजूदा विदेश मंत्री इशाक डार को पाकिस्तान का उप प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है। इसे बिलावल भुट्टो की कैबिनेट में एंट्री से जोड़कर देखा जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान के पूर्व वित्त मंत्री इशाक डार कभी भी विदेश मंत्री के रूप में काम नहीं करना चाहते थे। वे अपना पसंदीदा वित्त मंत्रालय चाहते थे, लेकिन शहबाज शरीफ और अन्य लोग उन्हें वित्त मंत्रालय से दूर रखना चाहते हैं। डार का ऑफिस अब प्रधानमंत्री कार्यालय में बनाया जा रहा है और बिलावल के लिए विदेश कार्यालय खाली करने के बाद वहीं से काम करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications