Bilawal at SCO: पाकिस्तान को नहीं थी भारत से ऐसी मेहमाननवाजी की उम्मीद, जानें पाकिस्तानी पत्रकारों ने क्या कहा
बिलावल भुट्टो ने विदेश मंत्री बनने के बाद भारत को लेकर काफी तीखी बयानबाजी की है। वहीं, उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक निजी टिप्पणियां की हैं।

Bilawal Bhutto India SCO Meet: शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो भारत के गोवा में हैं और इस कार्यक्रम को कवर करने के लिए पाकिस्तान के 10 पत्रकारों का भारत का वीजा दिया गया है।
बिलावल भुट्टो के भारत दौरे को लेकर पूरी दुनिया की निगाहें गोवा पर हैं, क्योंकि दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़े ही हैं, वहीं पाकिस्तान को उम्मीद नहीं थी, कि भारत में बिलावल भुट्टो और पाकिस्तानी पत्रकारों की इतनी शानदार मेहमान नवाजी की जाएगी। भारत में जिस तरह से पाकिस्तानी प्रतिनिधियों का स्वागत किया गया है, उसकी पाकिस्तान में काफी चर्चा की जा रही है।
भारतीय विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने शुक्रवार को गोवा में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों की परिषद (सीएफएम) की बैठक में पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो-जरदारी का स्वागत किया। हालांकि, आज जब दोनों नेता पहली बार मीडिया के सामने आए, तो भारतीय विदेश मंत्री ने सार्वजनिक तौर पर बिलावल भुट्टो से हाथ भी नहीं मिलाया, लेकिन भारतीय और पाकिस्तानी, दोनों जगहों के पत्रकारों ने कहा, कि गुरुवार रात को डिनर पार्टी के दौरान दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और एक दूसरे का अभिवादन किया।
बिलावल भुट्टो के स्वागत से पाकिस्तान हैरान
जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के विदेश कार्यालय की प्रवक्ता मुमताज ज़हरा बलूच ने कहा, कि भारत ने पाकिस्तान को बिलावल की गोवा में एससीओ बैठक में भाग लेने के लिए शिकायत करने का कोई मौका नहीं दिया है।
उन्होंने कहा, कि "उन्होंने हमें शिकायत करने का मौका नहीं दिया। अब तक सब ठीक है।"
वहीं, यह पूछे जाने पर, कि क्या बिलावल का अपने भारतीय समकक्ष जयशंकर से हाथ मिलाना अतीत की कड़वाहट को दर्शाता है, बलूच ने कहा, कि "आप इसे बहुत अधिक महत्व दे रहे हैं। यह एक नियमित औपचारिकता थी"। जियो न्यूज ने लिखा है, कि बिलावल भुट्टो एससीओ के विदेश मंत्रियों की "सफल" बैठक की उम्मीद में भारत की अपनी पहली यात्रा पर भारतीय शहर गोवा पहुंचे हैं।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने जियो न्यूज को आगे बताया, कि एक मेजबान के तौर पर भारत ने बिलावल का जैसा स्वागत किया है, वैसा ही स्वागत उन्होंने अन्य विदेश मंत्रियों का भी किया है। यानि, भारत ने बिलावल भुट्टो के स्वागत में कोई भेदभाव नहीं किया है।
वहीं, एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जुलाई में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की भारत यात्रा के संबंध में एक सवाल का जवाब देते हुए, उन्होंने कहा, कि इस समय कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
पाकिस्तानी पत्रकारों ने क्या कहा?
बिलावल भुट्टो के भारत दौरे को कवर करने के लिए गोवा पहुंची पाकिस्तान की पत्रकार मुनीज जहांगीर ने एक वीडियो शेयर किया है और कहा है, कि "भारतीय और पाकिस्तानी मीडिया के लिए बिलावल भुट्टो आकर्षण का केन्द्र हैं।"
आपको बता दें, कि गोवा के ताज होटल में बिलावल भुट्टो समेत तमाम एससीओ देशों के विदेश मंत्री ठहरे हुए हैं, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया है।
वहीं, पाकिस्तानी अखबार द ट्रिब्यून के पत्रकार कामरान युसूफ ने कहा है, कि जिस तरह से भारत में पाकिस्तानी अधिकारियों और पत्रकारों का स्वागत किया गया है, उससे वो काफी खुश हैं। उन्होंने कहा, कि "भारत में आकर उन्हें बिल्कुल भी ऐसा नहीं लगा है, कि उनके साथ किसी भी तरह सा शत्रुतापूर्ण व्यवहार किया गया है।" इसके साथ ही उन्होंने कहा, कि भारत के भी जो पत्रकार कार्यक्रम में मौजूद हैं, उन्होंने उनके साथ काफी अच्छा व्यवहार किया है और दोनों ही देशों की मीडिया रिपोर्टिंग में, ऐसा आभास नहीं है, कि दोनों देशों के बीच तनाव भड़काने की कोशिश की जा रही है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा, कि पाकिस्तानी पत्रकारों के साथ किसी भी तरह की कोई जासूसी नहीं की गई है और वो पूरी स्वतंत्रता के साथ रिपोर्टिंग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications