इजराइल के युद्धविराम प्रस्ताव का अमेरिका ने किया ऐलान, बाइडेन की बात मानकर बचा खुचा गाजा बचाएगा हमास?
Israeli Proposal to End Gaza War: गाजा पट्टी में चल रही लड़ाई को खत्म करने की जिम्मेदारी अब हमास के पाले में आ गई है, क्योंकि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने युद्ध खत्म करने के इजराइली प्रस्ताव का ऐलान कर दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने हमास से गाजा में चल रहे संघर्ष को खत्म करने के लिए एक नए इजरायली प्रस्ताव को स्वीकार करने का आग्रह किया है। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा, कि "इस युद्ध को समाप्त करने का समय आ गया है"। इजराइल ने जो प्रस्ताव दिया है, वो तीन हिस्सों का है।

इजराइल का पहला प्रस्ताव क्या है?
प्रस्ताव के पहले चरण की शुरूआत 6 हफ्तों से युद्धविराम से होता है और इसके तहत इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) गाजा के आबादी वाले क्षेत्रों से हट जाएगा।
इसके अलावा, इस दौरान गाजा में मानवीय सहायता भेजे जाने की रफ्तार को बढ़ा दिया जाएगा और इजराइल, हमास के कब्जे से इजराइली नागरिकों की रिहाई के बदले हमास के आतंकवादियों को छोड़ने के लिए भी तैयार हो गया है।
इस सौदे के अंत में 'दुश्मनी की स्थाई समाप्ति' के लिए गाजा के पुनर्निर्माण के लिए एक योजना बनाने का प्रस्ताव रखा गया है।
इजराइल के प्रस्ताव पर हमास ने कहा है, कि वह प्रस्ताव को "सकारात्मक रूप से" देखता है।
शुक्रवार को व्हाइट हाउस में बोलते हुए, राष्ट्रपति दो बाइडेन ने कहा, कि प्रस्तावित योजना के पहले चरण में "पूर्ण और संपूर्ण युद्ध विराम", आबादी वाले क्षेत्रों से IDF बलों की वापसी और फिलिस्तीनी कैदियों के लिए बंधकों का आदान-प्रदान शामिल होगा।
उन्होंने कहा, "यह वास्तव में एक निर्णायक क्षण है। और हमास का भी कहना है, कि वह युद्ध विराम चाहता है। यह सौदा यह साबित करने का एक अवसर है, कि क्या वे वास्तव युद्धविराम चाहते हैं?"
उन्होंने कहा, कि युद्ध विराम से संकटग्रस्त क्षेत्र में ज्यादा मानवीय सहायता पहुंच सकेगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, कि "इस प्रस्ताव के तहत हर दिन 600 ट्रक मानवीय सहायता लेकर गाजा पहुंचेंगे। जिसका मकसद युद्ध विराम के बाद "शत्रुता का स्थायी रूप से अंत" करना है।

युद्धविराम का दूसरा चरण
युद्धविराम के दूसरे चरण में इजराइली बंधकों के साथ साथ बंधक बनाए गये इजराइली सैनिकों की भी वापसी है।
ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड कैमरन ने भी हमास से युद्धविराम समझौते को मानने की अपील की है और उन्होंने एक्स पर कहा, कि समूह को "इस समझौते को स्वीकार करना चाहिए ताकि हम लड़ाई में विराम देख सकें"।
डेविड कैमरन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, कि "हम लंबे समय से युद्धविराम की अपील कर रहे हैं और हम सभी सही कदम उठाने के लिए तैयार हैं, तो लड़ाई को रोकना स्थाई शांति में बदल सकता है। आइये इस मौके का लाभ उठाएं"
आपको बता दें, कि गाजा पट्टी के हमास नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है, कि पिछले साल 7 अक्टूबर को इजराइली हमला शुरू होने के बाद से अभी तक गाजा पट्टी में 36 हजार से ज्यादा लोग मारे गये हैं।
वहीं, इजराइल के शांति प्रस्ताव को लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखकर इस घटनाक्रम का स्वागत किया। उन्होंने कहा, कि दुनिया ने "गाजा में बहुत अधिक पीड़ा और विनाश देखा है और अब इसे रोकने का समय आ गया है"।
उन्होंने कहा, "मैं राष्ट्रपति बाइडेन की पहल का स्वागत करता हूं और सभी पक्षों को युद्धविराम, सभी बंधकों की रिहाई, निर्बाध मानवीय पहुंच की गारंटी और अंततः मध्य पूर्व में एक स्थायी शांति के लिए इस अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करता हूं।"

गाजा में युद्धविराम की कितनी उम्मीद?
इजराइली प्रस्ताव का ऐलान करने के बाद भी राष्ट्रपति बाइडेन ने स्वीकार किया है, कि पहले और दूसरे चरण के बीच बातचीत मुश्किल होगी।
अभी कुछ दिन पहले ही इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने यह जाहिर किया था, कि वे युद्ध विराम समझौते के तहत युद्ध को समाप्त करने के लिए सहमत होने के सख्त खिलाफ हैं।
इसके अलावा, पहले भी युद्धविराम को लेकर कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन हर बार ये बातचीत नाकाम रही है।
हालांकि, जो बाइडेन की घोषणा में 'स्थाई युद्धविराम' का जिक्र किया है, जिसकी शर्त हमास ने पिछले युद्धविराम समझौतों पर होने वाली बातचीत में रखा था, जिससे संकेत यही मिलता है, कि अमेरिका ने हमास को मनाने की कोशिश की है, ताकि वो बातचीत की टेबल पर वापस आए।

प्रस्ताव का तीसरा चरण क्या है?
वहीं, प्रस्ताव के तीसरे चरण में ये कहा गया है, कि गाजा पट्टी में बंधक बनाए गये जिन इजराइली नागरिकों की मौत हुई है, हमास उनके शवों को भी इजराइल को वापस करेगा। इसके अलावा, गाजा में जो भी तबाही मची है, जो भी स्कूल, अस्पताल और घर तबाह हुए हैं, उनके पुननिर्माण के लिए अमेरिका और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय एक 'बड़ा पैकेज' देगा।ट
अपने भाषण में राष्ट्रपति बाइडेन ने स्वीकार किया, कि कुछ इजरायली, जिनमें इजरायल की सरकार के अधिकारी भी शामिल हैं, वो संभवतः इस प्रस्ताव का विरोध करेंगे। उन्होंने कहा, "मैंने इजरायल के नेतृत्व से इस सौदे के पीछे खड़े होने का आग्रह किया है। चाहे जो भी (राजनीतिक) दबाव आए।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सीधे इजरायली लोगों को संबोधित करते हुए कहा, कि "हम इस पल को नहीं खो सकते।"
वहीं, जो बाइडेन ने कहा, कि अब हमास को इस हद तक नुकसान हो चुका है, कि वो भविष्य में 7 अक्टूबर जैसा हमला दोहराने की स्थिति में ही नहीं है।
वहीं, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जोर देकर कहा है, कि युद्ध तब तक समाप्त नहीं होगा, जब तक कि इसका मकसद हासिल नहीं हो जाता हैस जिसमें सभी बंधकों की वापसी और हमास की सैन्य और शासन क्षमताओं का समूल नाश शामिल है। उन्होंने कहा, कि ये प्रस्ताव, इजरायल के इन सिद्धांतों के मुताबिक है।
जबकि, हमास ने अपनी ओर से कहा है, कि वह प्रस्ताव को "सकारात्मक रूप से" देखता है, क्योंकि यह स्थायी युद्धविराम, गाजा से इजरायली सेना की वापसी, पुनर्निर्माण और कैदियों के आदान-प्रदान का आह्वान करता है।
हमास ने कहा है, कि वह स्थायी युद्ध विराम पर केंद्रित किसी भी प्रस्ताव के साथ "सकारात्मक और रचनात्मक तरीके से निपटने" के लिए तैयार है, बशर्ते कि इजराइल "इसके लिए अपनी स्पष्ट प्रतिबद्धता की घोषणा करे"।
वहीं युद्धविराम वार्ता से परिचित एक अन्य फिलिस्तीनी अधिकारी, जिसने इजराइल के नये प्रस्ताव को देखा है, उसने कहा है, कि दस्तावेज में यह गारंटी शामिल नहीं है, कि युद्ध समाप्त हो जाएगा, न ही यह, कि IDF सैनिक गाजा से पूरी तरह से वापस चले जाएंगे। कतर स्थित मध्यस्थों के माध्यम से प्रस्ताव हमास को भेजा गया है। इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने जॉर्डन, सऊदी अरब और तुर्की में अपने समकक्षों को प्रस्ताव के लिए व्यापक समर्थन बनाने की कोशिश करने के लिए बुलाया है।












Click it and Unblock the Notifications