'बेवकूफ बनाना बंद करिए', जो बाइडेन ने बेंजामिन नेतन्याहू को डांटा, ईरान से जंग की आशंका के बीच बहसबाजी
US-Israel: इजराइली मीडिया की शनिवार शाम को एक रिपोर्ट में कहा गया है, कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से गुरुवार को फोन पर बातचीत के दौरान कहा है, कि "मुझसे बकवास करना बंद करिए"।
चैनल 12 न्यूज ने सूत्रों का हवाला दिए बिना बताया है, कि जो बाइडेन को गुस्सा तब आया, जब इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बाइडेन से कहा, कि इजरायल हमास के साथ बंधकों के लिए युद्धविराम समझौते पर बातचीत को आगे बढ़ा रहा है और जल्द ही बातचीत फिर से शुरू करने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल भेजेगा।

ये वार्ता कई महीनों से बिना किसी नतीजे के चल रही है और बाइडेन ने पहले कहा था, कि नेतन्याहू आंतरिक राजनीतिक कारणों से जानबूझकर इसमें देरी कर रहे हैं।
गुरुवार की बातचीत के अंत में, बाइडेन ने कथित तौर पर यह भी कहा, कि "राष्ट्रपति को हल्के में न लें।"
चैनल 12 के मुताबिक, यह टिप्पणी ईरान और उसके प्रॉक्सी हिज्बुल्लाह के साथ संभावित पूर्ण युद्ध में इजरायल-अमेरिकी सहयोग के संदर्भ में की गई थी, क्योंकि ईरान और उसके प्रॉक्सी आतंकवादी समूहों ने हाल ही में कई आतंकवादी प्रमुखों की हत्या का बदला लेने की कसम खाई है।
बाइडेन ने 13-14 अप्रैल की रात को इजरायल पर ईरान के अभूतपूर्व मिसाइल और ड्रोन हमले को रोकने में मदद करने के लिए क्षेत्रीय शक्तियों को एकजुट किया है।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू के कार्यालय ने शनिवार की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, कि प्रधानमंत्री अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ अपनी निजी चर्चाओं पर टिप्पणी नहीं करते हैं। बयान में दावा किया गया है, कि प्रधानमंत्री "अमेरिकी राजनीति में हस्तक्षेप नहीं करते हैं और जो भी राष्ट्रपति चुना जाएगा, उसके साथ काम करेंगे, और उम्मीद करते हैं, कि अमेरिकी भी इजरायल की राजनीति में हस्तक्षेप नहीं करेगा।"
इस बीच, न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया है, कि बाइडेन ने कॉल के दौरान कहा था, कि ईरान में हमास नेता इस्माइल हानिया की बुधवार को हुई हत्या "गलत समय पर" की गई थी, जो "ठीक उसी समय हुई जब अमेरिकियों को युद्ध विराम और बंधकों की रिहाई के लिए बातचीत के अंतिम चरण में जाने की उम्मीद थी।"
एक अनाम अमेरिकी अधिकारी का हवाला देते हुए, अखबार ने कहा है, कि बाइडेन ने यह भी तर्क दिया है, कि इस ऑपरेशन से क्षेत्रीय युद्ध छिड़ सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है, कि नेतन्याहू ने बातचीत में बाधा डालने वाला पक्ष होने से इनकार किया है और हमास पर बातचीत खराब करने का दोष मढ़ा है, जैसा कि प्रधानमंत्री कार्यालय सार्वजनिक रूप से कह रहा है।
इसके अलावा, टेलीग्राफ ने शनिवार को एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी का हवाला देते हुए बताया, कि 21 जुलाई को बाइडेन द्वारा 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति पद की रेस से बाहर होने के फैसले के बाद से नेतन्याहू ईरान पर हमला करने के लिए ज्यादा उत्साहित महसूस कर रहे हैं।
इजरायली अधिकारी ने ब्रिटिश आउटलेट को बताया, कि बाइडेन का "असली एजेंडा इजरायल का पूरा समर्थन करना है। और उन्होंने दशकों से ऐसा किया है।"
ब्रिटिश अखबार ने बताया, कि "नेतन्याहू यह जानते हैं, यही वजह है कि वह ज्यादा साहसी हो रहे हैं और उन्हें विश्वास है, कि वह इजरायल के दुश्मनों पर हमला कर सकते हैं और फिर भी उन्हें अमेरिका का पूरा समर्थन हासिल है।"












Click it and Unblock the Notifications