US Election: बराक ओबामा ने किया कमला हैरिस को समर्थन देने का ऐलान, ट्रंप के खिलाफ कितना फायदा मिलेगा?
US Elections 2024: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कई दिनों की अटकलों को खत्म करते हुए आखिरकार आधिकारिक तौर पर अमेरिकी उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस को डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के रूप में समर्थन दे दिया है।
बराक ओबामा ने कहा, कि कमला हैरिस के पास "दृष्टि, चरित्र और ताकत है, जो इस महत्वपूर्ण मौके की मांग है।" पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा ने कहा है, कि उन्होंने कमला हैरिस को फोन किया था और उनके समर्थन का ऐलान किया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखते हुए बराक ओबामा ने कहा, कि कमला हैरिस "संयुक्त राज्य अमेरिका की एक शानदार राष्ट्रपति बनेंगी और उन्हें हमारा पूरा समर्थन है। हमारे देश के लिए इस महत्वपूर्ण क्षण में, हम नवंबर में उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।" वहीं, उनकी पत्नी मिशेल ने भी यही बात दोहराई और उपराष्ट्रपति की सकारात्मकता, हास्य की भावना और पूरे देश में लोगों के लिए प्रकाश और उम्मीद लाने की क्षमता की सराहना की।
आपको बता दें, कि जो बाइडेन के चुनावी रेस से हटने के बाद कमला हैरिस ने अपनी उम्मीदवारी का ऐलान किया था और उसके बाद उन्हें पार्टी और बाहर भारी समर्थन मिला है। रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ कमला हैरिस की आश्चर्यजनक दावेदारी समर्थकों, दानदाताओं और राजनेताओं से उत्साह प्राप्त कर रही है।
ओबामा का समर्थन मिलने का मतलब
दूसरी तरफ, भले ही बराक ओबामा एक दशक पहले अमेरिका की एक्टिव पॉलिटिक्स से हट चुके हैं, लेकिन अभी भी मतदाताओं के बीच उनकी काफी पकड़ है और ओबामा का समर्थन, कमला हैरिस के चुनावी अभियान को बड़ी ऊर्जा दे सकती है।
ओबामा ने शुरू में अपना समर्थन जो बाइडेन से भी अपना समर्थन वापस ले लिया था, क्योंकि उनकी उम्र को लेकर काफी विवाद हो रहे थे और वो पार्टी द्वारा उम्मीदवार के चयन की प्रक्रिया के दौरान तराजू पर अपना अंगूठा नहीं रखना चाहते थे। हालांकि, कमला हैरिस को ओबामा के समर्थन मिलने का मतलब है, कि उन्हें और ज्यादा चंदा मिलेगा डेमोक्रेटिक पार्टी की आधिकारिक उम्मीदवार बनने के बाद उनका अभियान काफी तेजी से आगे बढ़ सकता है।
कमला हैरिस के लिए बढ़ता समर्थन
राष्ट्रपति जो बिडेन ने रविवार को घोषणा की थी, कि वह रेस से हट रहे हैं और पिछले महीने ट्रम्प के खिलाफ उनकी विनाशकारी खराब बहस के बाद शीर्ष डेमोक्रेट और दानदाताओं के बढ़ते दबाव के बाद उन्हें डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के रूप में कमला हैरिस का समर्थन करना पड़ा था।
वहीं, अमेरिकी मीडिया ने कहा है, कि कमला हैरिस ने पार्टी की उम्मीदवारी हासिल करने के लिए जरूरी 1900 से ज्यादा डेलीगेट्स का समर्थन हासिल कर लिया है। दूसरी तरफ, कमला हैरिस के चुनाव अभियान टीम ने कहा है, कि रविवार और सोमवार को 100 मिलियन डॉलृर चंदा जमा किए गये हैं।
हैरिस के अभियान ने कहा कि उन्होंने रविवार और सोमवार शाम के बीच अपनी सभी धन उगाहने वाली समितियों में 100 मिलियन डॉलर एकत्र किए हैं। कमला हैरिस के अभियान ने कहा, कि 1.1 मिलियन से ज्यादा दानदाताओं ने उन्हें चंदा दिया है, जिनमें 62 प्रतिशत ऐसे लोग हैं, जो पहली बार चंदा दे रहे हैं।
वहीं, 81 साल के जो बाइडेन ने अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ से अचानक बाहर निकलने के बाद राष्ट्र के नाम अपना पहला संबोधन दिया, जहां उन्होंने कहा कि वे पद का सम्मान करते हैं, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा, कि लोकतंत्र दांव पर है और यह किसी भी पद से ज्यादा महत्वपूर्ण है। राष्ट्रपति ने आगे कहा, कि आगे बढ़ने का सबसे अच्छा तरीका "नई पीढ़ी को मशाल सौंपना" है।
कमला हैरिस को पूर्व हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी, सीनेट के बहुमत नेता चक शूमर, हाउस डेमोक्रेटिक लीडर हकीम जेफ्रीज, हाउस माइनॉरिटी व्हिप जिम क्लाइबर्न, पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन का भी समर्थन प्राप्त है।












Click it and Unblock the Notifications