भारत नहीं, अमेरिका में बनकर तैयार हुआ दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हिंदू मंदिर, जानिए इससे जुड़ी खास बातें
अमेरिका के न्यूजर्सी में दुनिया के दूसरे सबसे बड़े हिन्दू मंदिर का अगले महीने 8 अक्टूबर को उद्घाटन होने जा रहा है। न्यू जर्सी के छोटे रॉबिन्सविले टाउनशिप में बीएपीएस स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर को 12,500 से अधिक की वॉलंटियर्स द्वारा 12 वर्षों की मेहनत के बाद बनाया गया है।
इस महामंदिर का निर्माण वर्ष 2015 में शुरू हुआ था। 183 एकड़ में फैले इस मंदिर को प्राचीन हिंदू धर्मग्रंथों के अनुसार डिजाइन किया गया है। इसकी माप 255x345x191 फीट है। इसमें प्राचीन हिंदू धर्मग्रंथों और संस्कृति के अनुरूप 10,000 मूर्तियां भी शामिल हैं।

BAPS स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर कंबोडिया स्थित अंगकोर वाट मंदिर के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हिंदू मंदिर है। यह भव्य मंदिर 19वीं सदी के हिंदू आध्यात्मिक नेता भगवान स्वामीनारायण को समर्पित है।
इस अद्वितीय हिंदू मंदिर के डिजाइन में एक मुख्य मंदिर, 12 उप-मंदिर, नौ शिखर और नौ पिरामिड शिखर शामिल हैं। अक्षरधाम में पारंपरिक पत्थर वास्तुकला का अब तक का सबसे बड़ा अण्डाकार गुंबद है।
इसके अलावा मंदिर के निर्माण में 4 प्रकार के पत्थरों का उपयोग किया गया है। इसमें चूना पत्थर, गुलाबी बलुआ पत्थर, संगमरमर और ग्रेनाइट के लगभग दो मिलियन क्यूबिक फीट पत्थरों का उपयोग किया गया है।
मंदिर के निर्माण के लिए बुल्गारिया और तुर्की से चूना पत्थर, ग्रीस, तुर्की और इटली से संगमरमर, भारत और चीन से ग्रेनाइट, भारत से बलुआ पत्थर और यूरोप, एशिया, लैटिन अमेरिका से अन्य सजावटी पत्थर मंगाया गया है।
इन पत्थरों की मदद से ये मंदिर अत्यधिक गर्मी और ठंड में भी सुरक्षित रहेगा। मंदिर के निर्माणकर्ताओं का दावा है कि इस मंदिर को ऐसे डिजाइन किया गया है कि एक हजार साल तक सलामत रह सकता है।
इस मंदिर के ब्रह्मकुंड में एक पारंपरिक भारतीय बावड़ी है, जिसमें भारत की पवित्र नदियों और अमेरिका के सभी 50 राज्यों सहित दुनियाभर के 300 से अधिक जलाशयों का पानी शामिल है।
हालांकि मंदिर का औपचारिक उद्घाटन 8 अक्टूबर को किया जाएगा, लेकिन यह 18 अक्टूबर से आगंतुकों के लिए खुला रहेगा। इस मंदिर का निर्माण करने वाले BAPS स्वामीनारायण संस्था ने भारत, ब्रिटेन, अमेरिका, कनाडा, केन्या, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में लगभग 1,400 मंदिरों का निर्माण किया है।
वन इंडिया प्लस
नई दिल्ली में स्थित अक्षरधाम मंदिर, 100 एकड़ में फैला हुआ है। हालांकि भारत का सबसे बड़ा मंदिर तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में स्थित है। इसे श्री रंगनाथस्वामी मंदिर के नाम से जाना जाता है। यह मंदिर 156 एकड़ में फैला हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications