Bangladesh: भारत आकर लापता हुए बांग्लादेशी सांसद, कोलकाता से बिहार तक तलाश, कहां हैं अनवारूल अजीम?
Bangladeshi MP Missing in India: बांग्लादेश की सत्तारूढ़ पार्टी अवामी लीग के एक सांसद कथित तौर पर 18 मई से भारत में लापता हो गए हैं, जिसके बाद उनकी तलाश के लिए उच्चस्तरीय अभियान चलाए जा रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के सांसद अनवारुल अजीम 12 मई को भारत आए थे और उन्हें आखिरी बार 13 मई को दोपहर में देखा गया था, लेकिन उसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है।

भारत में लापता बांग्लादेश के सांसद
जब उन्हें आखिरी बार देखा गया था, उस वक्त वो अपने दोस्तों के साथ मेडिकल जांच के लिए कोलकाता के पास बिधाननगर स्थित एक घर में गए थे। कोलकाता के बिधाननगर में लापता सांसद एक पारिवारिक मित्र के मुताबिक, सांसद अनवारुल अजीम ने उन्हें बताया था, कि वह दिल्ली की यात्रा करेंगे, लेकिन 13 मई के बाद से उनके साथ कोई संपर्क नहीं हो रहा है। वहीं, ढाका में उनके परिवार और उनके दोस्त के साथ भी सिर्फ एक बार ही उनकी मोबाइल फोन पर बात हुई है।
पिता से किसी तरह का कोई संपर्क नहीं होने के बाद सांसद अनवारुल अजीम के परिवार ने पहले उनके पारिवारिक मित्र गोपाल विश्वास से संपर्क किया और फिर उनकी बेटी ने गोपाल विश्वास के जरिए कोलोकाता के बिधाननगर के बारानगर पुलिस स्टेशन में एक गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है।
18 मई 2024 को दर्ज की गई शिकायत के मुताबिक, "16 मई की सुबह उन्होंने (अनवारुल अजीम) ने अपने सहायक को फोन किया था, लेकिन उसके बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। बाद में, जब उनके पीए ने उन्हें वापस फोन किया, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।"
गोपाल विश्वास ने जो शिकायत दर्ज कराई है, उसमें कहा गया है, कि "उनकी बेटी ने मुझे फोन किया और कहा, मैं अपने पिता से बात नहीं कर पा रही हूं। फिर मैंने (विश्वास ने) उनके (अनारुल अजीम के) सभी परिचितों से फोन पर संपर्क किया, लेकिन उनसे संपर्क करना संभव नहीं हो सका।"
शिकायत की एक प्रति में कहा गया है, कि "मुझसे 18 मई को गुमशुदा डायरी में शिकायत दर्ज कराने के लिए बारानगर पुलिस स्टेशन आने का अनुरोध किया गया।"
सांसद की गुमशुदगी की जांच शुरू
भारतीय अधिकारियों ने सांसद की तलाश के लिए एक जांच शुरू की है, जिसमें दिल्ली में उच्चायुक्त और कोलकाता में बांग्लादेश वाणिज्य दूतावास भी शामिल है। हालांकि, उन्होंने अभी तक सांसद के कथित लापता होने के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेशी दूतावास के एक अधिकारी ने कहा है, कि "सांसद के परिवार और दोस्तों ने कहा है, कि उनकी भारत यात्रा मुख्य रूप से मेडिकल चेकअप के लिए थी। उन्होंने औपचारिक रूप से बांग्लादेश संसद के उच्च अधिकारियों और उच्चायुक्त को सूचित किया है, जो उनकी तलाशी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हैं।"
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, बांग्लादेशी और भारतीय अधिकारी किसी भी सुराग को उजागर करने और सांसद की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए सहयोग कर रहे हैं। वहीं, बीबीसी की एक रिपोर्ट में कहा गया है, कि उनके मोबाइल का सिग्नल एक बार बिहार में ट्रैक किया गया है, लेकिन उसके बाद वो सिग्नल फिर से गायब हो गया। लिहाजा, फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता है, कि सांसद कहां हैं और किस हाल में हैं?












Click it and Unblock the Notifications