बांग्लादेश के इस्लामिक नेता की भारत को तोड़ने की धमकी, ममता बनर्जी से आह्वान, बंगाल की आजादी की करें घोषणा
Bangladesh-India News: शेख हसीना के बांग्लादेश से भागने के लिए बाद देश में बनी अंतरिम सरकार तमाम इस्लामिक और जिहादी नेताओं को जेल से रिहा कर रही है, जो अब भारत के खिलाफ जहर उगल रहे हैं। एक इस्लामिक नेता ने अब भारत को तोड़ने का आह्वान तक कर डाला है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरिम शासक मोहम्मद यूनुस द्वारा हाल ही में रिहा किए गए एक बांग्लादेशी इस्लामिस्ट नेता ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री से भारत को तोड़ने का आग्रह किया है।

इंडिया टुडे के मुताबिक, आतंकवादी समूह अल-कायदा के सहयोगी अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एबीटी) के प्रमुख जशीमुद्दीन रहमानी हाफी ने ममता बनर्जी से "बंगाल को मोदी के शासन से मुक्त करने और इसकी स्वतंत्रता की घोषणा करने" का आग्रह किया है।
यूनुस की अंतरिम सरकार ने पिछले महीने रहमानी को जेल से रिहा किया था, जिसे शेख हसीना की सरकार को गिराने के बाद बांग्लादेश के प्रदर्शनकारियों और सेना ने समर्थन दिया था। वह 2013 से जेल में था और उसे देश में धर्मनिरपेक्ष ब्लॉगरों की हत्या के लिए दोषी ठहराया गया था।
भारत को तोड़ने का आह्वान
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले महीने शूट किए गए एक वीडियो में रहमानी ने भारत को "तोड़ने" और "दिल्ली में इस्लामी झंडे फहराने" की चेतावनी दी थी।
हफ्तों तक चले हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद शेख हसीना की बांग्लादेश अवामी पार्टी (बीएएल) की उदारवादी सरकार गिरने के बाद, देश पर पाकिस्तान समर्थक बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और इस्लामी जमात-ए-इस्लामी का कब्जा हो गया है। यूनुस की अनिर्वाचित सरकार ने आतंकवादी नेता रहमानी को उस समय रिहा किया, जब देश हिंदुओं जैसे धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की लहर की चपेट में था, जिसमें घरों, मंदिरों और सांस्कृतिक संस्थानों पर सैकड़ों हमले हुए थे।
इंडिया टुडे के मुताबिक, पश्चिम बंगाल से आगे बढ़कर रहमानी ने चीन की मदद लेने और सिलीगुड़ी कॉरिडोर को ब्लॉक करके पूर्वोत्तर भारत को देश के बाकी हिस्सों से काटने की धमकी दी, जिसे 'चिकन नेक' कहा जाता है।
सिलीगुड़ी कॉरिडोर जमीन की वह संकरी पट्टी है, जो पूर्वोत्तर भारतीय राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो में रहमानी ने कहा, "अगर आप बांग्लादेश की ओर कदम बढ़ाते हैं, तो हम चीन से चिकन नेक को बंद करने के लिए कहेंगे। हम सेवन सिस्टर्स (पूर्वोत्तर राज्यों) से कहेंगे कि वे स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हों।" आतंकी नेता रहमानी ने कहा, कि वह कश्मीर को भारत से अलग करने के लिए काम करेंगे।
रिपोर्ट के अनुसार, रहमानी ने कहा, "कश्मीर से कहो कि वह स्वतंत्रता के लिए तैयार हो जाए। पाकिस्तान और अफगानिस्तान मिलकर कश्मीर को स्वतंत्रता दिलाने में मदद करेंगे। हम कश्मीर की स्वतंत्रता के लिए काम करेंगे।" जहर उगलते हुए रहमानी ने कहा, उसकी कार्रवाई से भारत की "आंखें निकाल ली जाएंगी" और "हाथ काट दिए जाएंगे"।
रिपोर्ट के मुताबिक रहमानी ने कहा, "यह 18 करोड़ मुसलमानों का देश है। यह हमारी पवित्र भूमि है। अगर आप इस तरफ देखने की हिम्मत करेंगे, तो आपकी आंखें निकाल ली जाएंगी... एक कदम आगे बढ़ाएंगे, तो आपके पैर तोड़ दिए जाएंगे... आगे बढ़ेंगे, तो आपके हाथ काट दिए जाएंगे...।"
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री के तौर पर शेख हसीना ने इस्लामी संगठनों और आतंकवादी समूहों पर नकेल कस डाली थी। इसकी वजह से उन्हें इस्लामवादियों और पाकिस्तान और उसके प्रायोजित समूहों का गुस्सा झेलना पड़ा था। बताया जाता है कि ये समूह उस आंदोलन में सक्रिय थे, जिसने उनकी सरकार को गिराया था। अब जबकि हसीना सत्ता से बाहर हैं, तो यह आशंका है कि इस्लामी और कट्टरपंथी ताकतें बांग्लादेश में अपना नियंत्रण मजबूत कर लेंगी और देश पाकिस्तान प्रायोजित भारत विरोधी तत्वों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बन सकता है।












Click it and Unblock the Notifications