बांग्लादेश: ऑक्सीजन प्लांट में भीषण विस्फोट, 6 की मौत, 30 से ज्यादा घायल
बांग्लादेश के सीताकुंड में स्थित एक प्लांट में विस्फोट हो गया। घटना में 6 लोगों की जान चली गई।

बांग्लादेश में शनिवार को बड़ा हादसा हुआ, जहां ऑक्सीजन प्लांट में भीषण विस्फोट हुआ। जिसके बाद से राहत एवं बचाव कार्य जारी है। इस घटना में अभी तक 6 लोगों की मौत हुई है, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे। स्थानीय लोगों के मुताबिक मौत का आंकड़ा अभी बढ़ सकता है, क्योंकि गंभीर रूप से घायल होने वालों की संख्या ज्यादा है।
जानकारी के मुताबिक चटगांव के सीताकुंड उपजिले के कदम रसूल (केशबपुर) इलाके में एक ऑक्सीजन प्लांट स्थित है। जिसमें शनिवार दोपहर को विस्फोट हुआ। हादसा इतना जबरदस्त था कि प्लांट पूरी तरह से तहस-नहस हो गया। घटना के बाद आसपास के अस्पतालों को अलर्ट मोड पर कर दिया गया। साथ ही घायलों को जरूरत के हिसाब से वहां पर शिफ्ट किया जा रहा।
चश्मदीदों के मुताबिक इस ब्लास्ट की वजह से कई किलोमीटर दूर की इमारतें हिल गईं। उस वक्त ऐसा लगा जैसे भूकंप आया हो। बाद में पता चला कि ये विस्फोट की वजह से हुआ था। बताया जा रहा कि प्लांट में तो 5 ही लोगों की मौत हुई, जबकि एक बुजुर्ग की मौत वहां से कुछ दूर स्थित रसूल बजार में हुई। विस्फोट की वजह से उनके ऊपर कोई मेटल की चीज गिर गई थी। जिस वजह से वो घायल हो गए। बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई ने मीडिया को बताया कि विस्फोट के बाद करीब 300 किलो की एक वजनी धातु उनके ऊपर गिर गई थी। ऐसे में उनकी जान चली गई। घटना के बाद एक दर्जन से ज्यादा लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
गारमेंट फैक्ट्री की खिड़कियां टूटी
ऑक्सीजन प्लांट के पास ही एक गारमेंट फैक्ट्री थी। कर्मचारियों के मुताबिक ब्लास्ट की वजह से खिड़कियां टूट गईं और पूरी इमारत हिल उठी। कुछ लोगों को कांच के टुकड़े लगे, जिनको प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थानीय अधिकारियों की इसकी जानकारी दे दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications