Video: हिंसा की पीड़ा से गुजर रहा है बांग्लादेश, इंदिरा गांधी सांस्कृतिक केंद्र में लूटपाट और आगजनी
Bangladesh Crisis: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में अराजकता का माहौल जारी है। बेकाबू भीड़ ने ढाका स्थित इंदिरा गांधी सांस्कृतिक केंद्र में आग लगा दी और लूटपाट की। आगजनी के बाद केंद्र का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें केंद्र पूरी तरह से काला पड़ा हुआ दिख रहा है।
ज्ञात हो कि बांग्लादेश की राष्ट्रीय राजधानी में 5 अगस्त को हिंसक अशांति फैल गई थी। हिंसा की वजह से मंगलवार को सरकार विरोधी प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 440 हो गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार शेख हसीना के सोमवार को इस्तीफ़ा देने और बांग्लादेश से चले जाने के बाद 100 से ज़्यादा मौतें हुई हैं।

इस हिंसा में ढाका स्थित इंदिरा गांधी सांस्कृतिक केंद्र में लूटपाट और आगजनी के बाद की स्थिति को रॉयटर्स द्वारा साझा किए गए वीडियो के माध्यम से देखा जा सकता है। यह अराजकता सिर्फ़ ढाका तक ही सीमित नहीं है। दंगाई शेख हसीना की पार्टी के नेताओं की संपत्तियों को भी निशाना बना रहे हैं।
एक घटना में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मशरफे मुर्तजा के घर को आग लगा दी गई। मुर्तजा के घर को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वह नरैल-2 विधानसभा क्षेत्र से सांसद थे। कई अन्य नेताओं के घरों में भी तोड़फोड़ की गई है।इस बीच, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को अभी तक ब्रिटेन में राजनीतिक शरण नहीं मिली है। नतीजतन, उन्हें लंबे समय तक भारत में रहना पड़ सकता है।
प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के कुछ ही समय बाद हसीना सोमवार को C-130J सैन्य परिवहन विमान से हिंडन एयरबेस पहुंचीं।बताया जा रहा है कि हसीना को कड़ी सुरक्षा के बीच एक गुप्त स्थान पर ले जाया गया है। वह अपनी बहन शेख रेहाना के साथ अस्थायी शरण के लिए भारत से लंदन जाने की योजना बना रही थी। रेहाना की बेटी ट्यूलिप सिद्दीकी ब्रिटिश संसद सदस्य और ट्रेजरी की आर्थिक सचिव हैं।
यह भी पढ़ें SC Decision On Creamy Layer: कांग्रेस करेगी अहम बैठक, सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बनाएगी रणनीति












Click it and Unblock the Notifications