पाकिस्तान इलेक्शन से ठीक पहले भीषण बम धमाका, राजनीतिक पार्टी के दफ्तर को उड़ाया, अभी तक 12 की मौत
Pakistan Blast Pishin: पाकिस्तान में कल होने वाले चुनाव से पहले एक बार फिर बड़ा बम धमाका हुआ है और एक बार से इलेक्शन में शामिल एक पार्टी के दफ्तर को निशाना बनाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक बलूचिस्तान के पिशिन जिले में एक पार्टी के चुनाव कार्यालय में विस्फोट में कम से कम 12 लोग अभी तक मारे गए हैं।
पाकिस्तान में पिछले एक हफ्ते में चुनाव आयोग के दफ्तर पर भी कई हमले हो चुके हैं। इससे पहले कराची और खैबर पख्तूनख्वा में भी चुनाव आयोग के दफ्तर को बम से उड़ाने की कोशिश की गई है। बलूचिस्तान के नुश्की जिले में ही पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) कार्यालय के बाहर एक विस्फोट परसों हुआ था।

पाकिस्तान का बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत काफी ज्यादा अशांत माना जाता है और इन दोनों प्रांतों में आतंकियों ने हमले किए हैं। पिछले हफ्ते कराची में भी इलेक्शन कमीशन के दफ्तर के बाहर बम धमाका किया गया था।
ट्रिब्यून ने सूत्रों के हवाले से बताया है, कि यह विस्फोट पिशिन जिले के पीबी-47 निर्वाचन क्षेत्र में, पिशिन जिले के खानोजई तहसील में स्वतंत्र उम्मीदवार असफंदयार खान काकर के चुनाव प्रचार कार्यालय को निशाना बनाकर किया गया है।
यह घटना पिछले हफ्ते कराची ईसीपी कार्यालय के बाहर हुए ऐसे ही विस्फोट के बाद हुई है, जहां कार्यालय की दीवार के पास एक शॉपिंग बैग में विस्फोटक सामग्री मिली थी। गौरतलब है कि विस्फोटक पदार्थ में बॉल बेयरिंग नहीं थी।
चुनाव से पहले, कई हथगोले हमलों और विस्फोटों ने राजनीतिक संस्थाओं और चुनाव-संबंधित कार्यालयों को निशाना बनाया है। बलूचिस्तान में विभिन्न ग्रेनेड हमलों में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के कार्यकर्ताओं सहित छह लोग घायल हुए हैं।
पाकिस्तान में 8 फरवरी को आम चुनाव होने हैं, लेकिन बढ़ती हिंसा और सुरक्षा चुनौतियों पर चिंताएं बढ़ गई हैं, जिससे पाकिस्तान के चार प्रांतों में चुनावी प्रक्रिया की सुरक्षा और अखंडता पर सवाल उठ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications