Bondi Beach Terror Attack: ऑस्ट्रेलिया आतंकी हमले का भारत से हैं गहरा कनेंक्शन, इस शहर का रहने वाला शूटर
Australia Bondi Beach Terror Attack: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी के बोंडी बीच पर हुए दर्दनाक आतंकी हमले ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है। इस हमले को हैदराबाद मूल के साजिद अकरम और उसके बेटे नवीद ने अंजाम दिया, जिसमें 15 लोगों की जान चली गई।
जांच एजेंसियों ने पुष्टि की है कि हमलावर का संबंध हैदराबाद के टोलीचौकी इलाके से है। यह घटना तब हुई जब यहूदी समुदाय हनुक्का उत्सव मना रहा था। फिलहाल भारत और ऑस्ट्रेलिया की सुरक्षा एजेंसियां इस आतंकी कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही हैं।

Bondi Beach Terror Attack: हैदराबाद से सिडनी तक का सफर
साजिद अकरम ने हैदराबाद से बी.कॉम की शिक्षा प्राप्त की और 1998 में काम की तलाश में ऑस्ट्रेलिया चला गया। वहां उसने इटली मूल की महिला से विवाह किया और वहीं बस गया। तेलंगाना पुलिस के अनुसार, साजिद का भारत में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। वह पिछले 27 वर्षों में केवल छह बार भारत आया। उसके परिवार का दावा है कि साजिद का उनसे संपर्क बेहद सीमित था, यहां तक कि वह 2009 में अपने पिता के जनाजे में भी शामिल नहीं हुआ था।
ये भी पढे़ं: Sydney Attack: पाकिस्तानी मूल के बाप-बेटे ने मासूमों को मारा! जानिए आतंकी साजिद और नवीद अकरम के बारे में सबकुछ
ISIS से जुड़ा था साजिद का बेटा नवीद
जांच में सामने आया है कि साजिद का बेटा नवीद 2019 में ही ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर आ गया था। नवीद के संबंध इस्लामिक स्टेट (ISIS) के कमांडर इसहाक अल मतारी से पाए गए थे, जो आतंकी साजिश के आरोप में जेल जा चुका है। हालांकि उस समय नवीद को तत्काल खतरा नहीं माना गया था। सिडनी पुलिस अब यह पता लगा रही है कि बाप-बेटे की इस जोड़ी ने कब और कैसे कट्टरपंथ की राह पकड़ी और इस हमले की योजना बनाई।
Sydney attack Hyderabad connection: साजिद के हैदराबाद आवास पर सन्नाटा
हमले की खबर फैलते ही हैदराबाद के टोलीचौकी स्थित साजिद के दो मंजिला घर पर सन्नाटा पसर गया है। साजिद के भाई ने स्पष्ट किया है कि ईसाई महिला से विवाह करने के बाद परिवार ने उससे रिश्ता तोड़ लिया था। साजिद की 80 वर्षीय बीमार मां की उसने कभी सुध नहीं ली। पड़ोसियों के अनुसार, अकरम परिवार बहुत ही शांत और अंतर्मुखी रहा है। वर्तमान में पुलिस की पूछताछ और मीडिया की भीड़ के डर से परिवार घर पर ताला लगाकर कहीं चला गया है।
ये भी पढे़ं: Sydney Terror Attack: सिडनी हमले के बाद सुरक्षा एजेसियां सतर्क, दिल्ली-मुंबई समेत इन राज्यों में हाई अलर्ट
तेलंगाना पुलिस मामले की कर रही है जांच
तेलंगाना पुलिस के डीजीपी बी. रेड्डी ने स्पष्ट किया है कि साजिद के कट्टरपंथी बनने में स्थानीय प्रभाव की कोई भूमिका नहीं दिखती है। भारतीय केंद्रीय एजेंसियां अब ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के साथ मिलकर साजिद के पुराने संपर्कों और संपत्ति विवादों की जांच कर रही हैं। यह भी पता चला है कि साजिद के पास छह पंजीकृत हथियारों के लाइसेंस थे, जिसका उपयोग इस हमले में होने की आशंका है। दोनों देशों की एजेंसियां अब इस अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी हैं।












Click it and Unblock the Notifications