बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर हमले के पीछे ट्रंप ने बताया ईरान का हाथ, दी भुगतने की धमकी
नई दिल्ली। डोनाल्ड ट्रंप ने इराक (Iraq) की राजधानी बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास (US embassy) पर हुए हमले के पीछे ईरान का हाथ बताया है। एक ट्वीट करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को चेताया है। वहीं ईरान के विदेश मंत्री ने ट्रंप के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर रविवार को रॉकेट से हमला किया गया था।

डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को तीन रॉकेट के फोटो शेयर करते हुए ट्वीट कर लिखा कि रविवार को बगदाद में हमारी एंबेसी पर कई रॉकेट दागे गए। तीनों रॉकेट निशाने से विफल रहे। सोचिए ये कहां से आए थे.. ईरान. अब हम ईराक में अमेरिकियों पर दूसरे हमले की खबरें सुन रहे हैं। बेहद सख्त शब्दों में ट्रंप ने आगे लिखा, ईरान को बताना चाहता हूं अगर एक भी अमेरिकी की मौत होती है, तो मैं ईरान को जिम्मेदार ठहराऊंगा.. अब इस पर सोच लेना।
ईरान के विदेश मंत्री जावेद जरीफ ने कहा है कि ईरान को बगदाद में हुए हमलों का जिम्मेदार कहना बेतुका है। वो इसके लिए कोई सबूत दिए बिना बस हमारा नाम ले रहे हैं। ये अपने देश की जनता का ध्यान अपनी सरकार की विफलताओं से हटाने की कोशिश से ज्यादा कुछ नहीं है।
बता दें कि रविवार को इराकी सुरक्षा अधिकारियों ने जानकारी दी थी कि बगदाद के भारी सुरक्षा वाले ग्रीन जोन में स्थित अमेरिकी दूतावास पर तीन रॉकेट दागे गए। हालांकि इस हमले को विफल करते हुए सुरक्षाबलों ने दूतावास की सी-रैम रक्षा प्रणाली के इस्तेमाल से रॉकेटों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया। बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच काफी समय से तनातनी है। दोनों देश एक-दूसरे पर कई तरह के आरोप लगाते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications