AppleGPT: एपल बना रहा खुद का AI, ChatGPT और बार्ड को मिलेगी कड़ी टक्कर, जानिए कब होगी लांच?
2023 आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का साल है। दुनिया की हर बड़ी कंपनी AI टूल पर काम कर रही है। इस बीच ब्लूमबर्ग ने खुलासा किया है कि ओपनएआई के ChatGPT और गूगल के बार्ड की तरह एपल भी खुद के AI टूल पर काम कर रहा है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल ने खुद का फ्रेमवर्क Ajax नाम से डेवलेप किया है ताकि वह चैटबॉट की टेस्टिंग कर पाएं। इस मामले की जानकारी रखने वालों के मुताबिक इसका अभी तक औपचारिक नाम घोषित नहीं हुआ है लेकिन इस पर काम करने वाले कर्मचारी इसे AppleGPT कहते हैं।

हालांकि अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि एपल कब इसे रोलआउट करेगी। ऐसा माना जा रहा है कि ये 2024 तक इसे लांच किया सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक एप्पल इस चैटबॉट पर बिना शोर-शराबे के सावधानी से काम कर रहा है।
यही वजह है कि जून में हुए डेवेल्पर्स इवेंट में भी एपल ने इस बारे में कोई जानकारी शेयर करने से परहेज किया था। AppleGPT लोगों को चैट जीपीटी की तरह ही सवालों के जवाब देगा।
एपल कंपनी खुद के AI पर काम कर रही है...इस खबर के सामने आने के बाद एपल के शेयर 2 फीसदी तक बढ़ गए और यह रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट, एनवीडिया और अल्फाबेट के शेयरों में 1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई।
आपको बता दें कि एपल ने फ़ोटो, ऑन-डिवाइस टेक्स्टिंग और हाल ही में लॉन्च किए गए mixed-reality हेडसेट विजन प्रो जैसे कुछ उत्पादों में AI का इस्तेमाल किया है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी AI पर काम कर रही है।
हालांकि Apple ने अभी तक इनसे जुड़े किसी अपडेट पर टिप्पणियों के लिए मीडिया के अनुरोधों का जवाब नहीं दिया है। लेकिन कंपनी की AI पहल निवेशकों और तकनीकी उत्साही लोगों का ध्यान और रुचि आकर्षित कर रही है।
इससे पहले मेटा ने मंगलवार को AI लैंग्वेज मॉडल लामा-2 लॉन्च किया था। मेटा ने इसे नेक्स्ट जनरेशन ओपन-सोर्स लैंग्वेज मॉडल बताया है। मार्क जुकरबर्ग ने बताया कि लामा-2 के लिए मेटा ने माइक्रोसॉफ्ट के साथ पार्टनरशिप की है। इससे पहले एलन मस्क ने एक नई AI कंपनी की घोषणा की थी। इस कंपनी का नाम xAI है।












Click it and Unblock the Notifications