इजराइल-हमास जंग के बीच तुर्की पहुंचे एंटनी ब्लिंकन का हुआ ठंडा स्वागत, राष्ट्रपति अर्दोआन ने नहीं दिया भाव
संयुक्त राज्य अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपने तुर्की समकक्ष हकन फिदान से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात ढाई घंटे से अधिक समय तक चली। इस मुलाकात से इतर तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया।
आपको बता दें कि अमेरिकी विदेशी मंत्री एंटनी ब्लिंकन इज़राइल-हमास युद्ध पर क्षेत्रीय तनाव को कम करने के उद्देश्य से एक चुनौतीपूर्ण मध्य पूर्व दौरा जारी रखा है। जंग शुरू होने के बाद वे इजराइल का तीन बार दौरा कर चुके हैं। इजराइल के बाद फिलिस्तीन, जॉर्डन और इराक में अरब नेताओं के साथ तनावपूर्ण बैठकों के बाद ब्लिंकन की तुर्की यात्रा हुई।

दोहा इंस्टीट्यूट फॉर ग्रेजुएट स्टडीज में सार्वजनिक नीति के प्रोफेसर टैमर करमूट ने अल जजीरा को बताया कि ब्लिंकन का मुख्य मिशन इजराइल के पक्ष में और वक्त मांगना था। तुर्क यह जानते हैं। इसीलिए उनका इतना ठंडा स्वागत हुआ।
जिस वक्त अमरिकी विदेश मंत्री तुर्की में बैठक कर रहे थे उसी वक्त तुर्की के राष्ट्रपति काला सागर क्षेत्र में पर्यटन के लिए लोकप्रिय आयडर में स्थानीय लोगों के बीच थे। अर्दोआन ने इसकी तस्वीरें भी ट्वीटर पर साझा की हैं। इससे पहले रविवार को राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन ने कहा था कि वह सोमवार को तुर्की का एक नियोजित दौरा जारी रखेंगे।
तुर्की की समाचार एजेंसी डेली सबाह के मुताबिक अंकारा ने गाजा में तत्काल संघर्ष विराम के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन पर दबाव डाला है।
डेली सबाह ने सूत्रों के हवाले लिखा है कि विदेशी मंत्री फिदान ने ब्लिंकन से कहा कि तुर्की और अमेरिका को इजरायल-फिलिस्तीन संघर्ष के दो-राज्य समाधान के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
सोमवार को हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया है कि 7 अक्टूबर के बाद से अब तक इजराइली बमबारी में मरने वालों की संख्या 10,022 तक पहुंच गई है। गाजा में काम करने वाली यूएन की राहत एजेंसियों का कहना है कि मरने वालों में हजारों बच्चे भी शामिल हैं।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति सहित कई नेताओं ने हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं। वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इन आंकड़ों को विश्वसनीय बताया है।












Click it and Unblock the Notifications