सर्बिया शहर में अमोनिया लीक के बाद हड़कंप, दर्जनों लोग अस्पताल में भर्ती, आपातकालीन स्थिति लागू
रिपोर्ट में कहा गया है, अमोनिया जहर के लक्षणों के साथ पास के निस में स्थित अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों में एक बच्चा भी शामिल है।

Serbian City Ammonia Leak: सर्बियाई शहर में अमोनिया लीक के बाद हड़कंप मच गया है और दर्जन भर से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभी तक पंद्रह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, शहर से एक मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने के कारण अमोनिया रिसाव शुरू हो गया है। अमोनिया रिसाव के बाद दक्षिण-पूर्वी सर्बियाई शहर पिरोट में आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी गई है।
पिरोट शहर में अमोनिया का रिसाव
रिपोर्ट में कहा गया है, अमोनिया जहर के लक्षणों के साथ पास के निस में स्थित अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों में एक बच्चा भी शामिल है। हालांकि, अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं आई है और अस्पताल में भर्ती होने वाले लोग भी फिलहाल सुरक्षित बताए जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया में शहर की जो एक तस्वीर सामने आई है, उसमें काले आसमान में अमोनया के बादल छाए हुए देखे जा सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 20 डिब्बों वाली ट्रेन बुल्गारिया के एग्रोपोलिचिम से बेलग्रेड से 90 किलोमीटर पश्चिम में सबाक शहर में स्थित सर्बियाई उर्वरक निर्माता ज़ोर्का एलिक्सिर तक अमोनिया गैस ले जा रही थी और रास्ते में मालगाड़ी पटरी से उतर गई।
पटरी की खराब स्थिति से दुर्घटना
मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि, रविवार दोपहर दो वैगन पटरी से उतर गए और पलट गए, जिससे एक डिब्बे से अमोनिया लीक हो गया है। वहीं, सर्बिया के इंफ्रास्ट्रक्चर मंत्री गोरान वेसिक ने कहा कि, मालगाड़ी के डिब्बों के पटरी से उतरने की मुख्य वजह पटरी की खराब स्थिति थी। वहीं, नोवा एस न्यूज वेब पोर्टल ने बताया कि, सोमवार सुबह पिरोट में कोहरा और तेज अमोनिया की गंध पूरे शहर में फैल गई है। आपातकालीन स्थिति के कारण स्कूल और किंडरगार्टन बंद कर दिए गए और लोगों को सलाह दी गई कि यदि आवश्यक न हो तो बाहर न निकलें।












Click it and Unblock the Notifications