तो रूस ने हमलों में मार डाला है सीरिया के 200 नागरिकों को!
लंदन। एमनेस्टी इंटरनेशनल की ओर से दावा किया गया है रूस की ओर से सीरिया में हो रहे हवाई हमलों में कम से कम 200 नागरिकों की भी मौत हुई है।

एमनेस्टी इंटरनेशनल की रिपोर्ट में ये जानकारी प्रत्यक्षदर्शियों और कार्यकर्ताओं के हवाले से दी गई है। इस रिपोर्ट के अनुसार 30 सितंबर से 29 नवंबर के बीच सीरिया के पांच इलाकों में हुए 25 से ज्यादा रूसी हमलों की गहन जांच की गई।
एमनेस्टी के मुताबिक उसने छानबीन में पाया कि 'रूस की ओर से अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर रूप से उल्लंघन' हुआ है। वहीं रूस ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है।
रूस की ओर से बयान दिया गया है कि इन हमलों में नागरिकों की मौत नहीं हुई है। उसने ऐसे दावों को 'इंफॉर्मेशन वॉर' बताया है।
एमनेस्टी की ओर से कहा गया है कि उसने इस नतीजे पर पहुंचने के पहले सीरिया के होम्स, हमा, इदलीब, लताकिया और एलेप्पो में हुए रूसी हमलों की पूरी जांच की है।
एमनेस्टी के अनुसार उसने डॉक्टरों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं सहित हमले के 16 प्रत्यक्षदर्शियों से फोन और इंटरनेट के जरिए जानकारी हासिल की। रूस ने 30 सितंबर को सीरिया में आईएसआईएस के खिलाफ हवाई हमले शुरू किए हैं।
रूस के मुताबिक उसने सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद की ओर से आग्रह के बाद ऐसा करने का फैसला लिया था। 29 नवंबर को सीरिया के उत्तर-पूर्वी इदलीब शहर में हवाई हमलों में करीब 43 लोगों के मारे जाने की खबरें थीं।












Click it and Unblock the Notifications