America: ट्रंप ने जताया विवेक रामास्वामी पर भरोसा, ओहायो के गवर्नर का दिया टिकट, कितनी है संभावना?
America: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय-मूल के नेता विवेक रामास्वामी को ओहायो के गवर्नर पद के लिए औपचारिक रूप से समर्थन दिया है। उन्होंने रामास्वामी की रूढ़िवादी विचारधारा (Conservative Ideology) और नेतृत्व क्षमता की खुलकर सराहना की। यह घोषणा 2026 के राज्यव्यापी चुनावों से कई महीने पहले की गई है, जिससे यह राजनीतिक रूप से काफी अहम मानी जा रही है।
ट्रंप ने विवेक की तारीफ में पढ़े कसीदे
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए विवेक रामास्वामी की बुद्धि, ताकत और देशभक्ति की तारीफ की। उन्होंने लिखा कि विवेक "कुछ खास" हैं और "एक बहुत अच्छे व्यक्ति हैं, जो हमारे देश से सच्चा प्यार करते हैं।" ट्रंप ने कहा कि विवेक में युवा ऊर्जा, मजबूत सोच और समझदारी का शानदार संयोजन है, जो उन्हें एक सफल प्रशासक बनाएगा।

ट्रंप बोले - "वह कुछ खास हैं"
अपनी पोस्ट में ट्रंप ने लिखा- "विवेक रामास्वामी ओहायो राज्य के गवर्नर पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं, यह एक ऐसी जगह है जिससे मैं प्यार करता हूं और मैंने 2016, 2020 और 2024 में वहां तीन बार बड़ी जीत हासिल की। मैं विवेक को अच्छी तरह जानता हूं - मैंने उनके खिलाफ चुनाव लड़ा है, और वह कुछ खास हैं। वह युवा, मजबूत और स्मार्ट हैं।" ट्रंप के इस बयान को उनके पुराने कॉम्प्टीटर्स के प्रति एक बड़े राजनीतिक इशारे के रूप में देखा जा रहा है।
ट्रंप ने बताईं विवेक की प्राथमिकताएं
डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी बताया कि यदि विवेक रामास्वामी चुने जाते हैं तो वे किन मुद्दों पर काम करेंगे। इनमें शामिल हैं -
• करों में कटौती (Tax Cuts)
• 'मेड इन यूएसए' विनिर्माण को बढ़ावा देना
• सीमा सुरक्षा (Border Security) को सुनिश्चित करना
• दूसरे संशोधन (Second Amendment) यानी अमेरिकी नागरिकों के हथियार रखने के अधिकार की रक्षा करना
ट्रंप ने लिखा,-"विवेक रामास्वामी ओहायो के महान गवर्नर बनेंगे और उन्हें मेरा पूर्ण समर्थन (Full Endorsement) है। वह आपको कभी निराश नहीं करेंगे!"
समर्थन की टाइमिंग बनी चर्चा का विषय
ट्रंप का यह समर्थन ऐसे समय पर आया जब ओहायो के मतदाता 2026 के चुनावों के लिए नए गवर्नर और राज्यव्यापी पदाधिकारियों को चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। सभी मौजूदा पदाधिकारी कार्यकाल सीमा (Term Limit) के कारण इस बार चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य (Ineligible) हैं, जिससे रामास्वामी के लिए राजनीतिक अवसर खुला हुआ है।
विवेक रामास्वामी का परिचय
39 साल विवेक रामास्वामी एक बायोटेक उद्यमी (Biotech Entrepreneur), लेखक और राजनीतिक विचारक हैं। वे अपने मुखर रूढ़िवादी विचारों और 2024 के रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के अभियान के लिए जाने जाते हैं, जिसमें उन्होंने ट्रंप के साथ घनिष्ठ संबंध बनाए रखे थे। उन्होंने एलन मस्क के साथ Department of Government Efficiency (DOGE) का भी सह-नेतृत्व (Co-Leadership) किया है, जो सरकारी तंत्र की दक्षता बढ़ाने के लिए गठित पहल है।
विवेका का भारतीय कनेक्शन
विवेक रामास्वामी का जन्म सिंसिनाटी (Cincinnati) में भारतीय अप्रवासी माता-पिता के घर हुआ। वहीं उनका पालन-पोषण हुआ और बाद में उन्होंने अपनी शिक्षा पूरी की। उनकी भारतीय जड़ों ने उन्हें सांस्कृतिक रूप से विविधता को समझने और अमेरिकी राजनीति में नयी दृष्टि लाने में मदद की है।
ओहायो रिपब्लिकन पार्टी का समर्थन
मई 2025 में विवेक रामास्वामी को ओहायो रिपब्लिकन पार्टी की ओर से औपचारिक समर्थन (Official Endorsement) प्राप्त हुआ। यह फैसला कई हफ्तों की आंतरिक लॉबिंग और डोनाल्ड ट्रंप जूनियर के आग्रह के बाद हुआ, जिन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स (X)' पर समिति के सदस्यों से रामास्वामी का समर्थन करने की अपील की थी।
एक्सपर्ट क्या बोले?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप का यह समर्थन ओहायो में रिपब्लिकन आधार को और मजबूत कर सकता है। रामास्वामी का 'नेक्स्ट जनरेशन ट्रंपिस्ट' छवि के रूप में उभरना, पार्टी के युवा और उद्यमशील वर्ग को आकर्षित करने की कोशिश का हिस्सा माना जा रहा है। इससे 2026 के ओहायो चुनाव न केवल राज्यीय बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी सुर्खियों में रहेंगे।
रिपब्लिकन पार्टी की अगली पीढ़ी
डोनाल्ड ट्रंप का विवेक रामास्वामी के पक्ष में खड़ा होना न केवल ओहायो की राजनीति को नई दिशा दे सकता है, बल्कि यह संकेत भी देता है कि रिपब्लिकन पार्टी में अगली पीढ़ी का नेतृत्व तैयार हो रहा है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है।












Click it and Unblock the Notifications