America: ट्रम्प और ज़ोहरान ममदानी की मुलाकात, पत्रकारों ने 'जिहादी' और 'फांसीवादी' वाले बयानों पर घेरा
America: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क शहर के नवनिर्वाचित मेयर ज़ोहरान क्वामे ममदानी से मुलाकात की। इससे पहले ट्रंप सार्वजनिक रूप से ममदानी की आलोचना कर चुके थे और उन्हें "कम्युनिस्ट पागल" और "पूरी तरह से पागल" कह चुके थे। वहीं ममदानी भी गर्व से खुद को ट्रंप का "सबसे बुरा सपना" कह चुके थे। इसके बावजूद दोनों नेताओं के बीच हुई यह मुलाकात काफी सौहार्दपूर्ण रही। ट्रंप ने ममदानी की नीयत और व्यवहार की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे कुछ रूढ़िवादी लोगों को चौंका सकते हैं। यह बात उन्होंने ओवल ऑफिस में मुलाकात के बाद पत्रकारों को बताई।
न्यूयॉर्क पर फोकस
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वे न्यूयॉर्क को "मजबूत और सुरक्षित" बनाने में मेयर ममदानी की मदद करेंगे। ममदानी ने भी ट्रंप को यह कहकर धन्यवाद दिया कि यह बैठक किसी टकराव या असहमति पर नहीं बल्कि न्यू यॉर्कर्स की सेवा के साझा उद्देश्य पर आधारित थी।

'जिहादी' वाले बयान पर ट्रंप का जवाब
रिपब्लिकन नेता एलीसे स्टेफानिक द्वारा मेयर ममदानी को "जिहादी" कहने वाली टिप्पणी पर पूछे गए सवाल को ट्रंप ने तुरंत खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव अभियानों में कई बार ऐसी बातें मुंह से निकल जाती हैं। ट्रंप ने स्टेफानिक को सक्षम नेता बताया और कहा कि पत्रकार को सीधे उनसे ही यह सवाल पूछना चाहिए। ट्रंप ने फिर दोहराया कि वे एक बहुत तर्कसंगत व्यक्ति से मिले हैं जो न्यूयॉर्क को फिर से महान बनते देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ममदानी न्यूयॉर्क को "पहले से कहीं ज्यादा महान" बनाना चाहते हैं और वे उनके लिए खुश होंगे।
मीडिया की दिलचस्पी को लेकर ट्रंप का बयान
ट्रंप ने ओवल ऑफिस की बातचीत में प्रेस की इस बैठक में भारी दिलचस्पी पर भी बात की। उन्होंने कहा कि प्रेस ने इस मुलाकात को खूब भुनाया है और इसे अन्य राष्ट्राध्यक्षों के साथ हुई बैठकों से भी अधिक ध्यान मिला। ट्रंप ने बताया कि इस बैठक के बाहर सैकड़ों लोग इंतजार कर रहे थे और मीडिया के लिए यह मुलाकात "बहुत दिलचस्प" थी, जिसे वह शानदार बता रहे थे।
ममदानी ने ट्रंप को कहा था 'फासीवादी'
एक रिपोर्टर ने ममदानी की उस टिप्पणी का जिक्र किया जिसमें उन्होंने ट्रंप को "फासीवादी" (Facist) कहा था। सवाल पूछे जाने पर ट्रंप ने हंसते हुए कहा कि ममदानी इस प्रश्न पर बस सहमति जताना चाहें तो कर सकते हैं। इसके बाद ममदानी ने सकारात्मक जवाब दिया। ट्रंप ने हंसते हुए ममदानी के हाथ पर थपथपाया और कहा कि उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है क्योंकि यह सब समझाने से आसान है।
ममदानी का क्या है प्लान?
एक रिपोर्टर के सवाल पर ममदानी ने न्यूयॉर्क के कामकाजी वर्ग का जिक्र किया, जिन्हें शहर की राजनीति में लंबे समय से पीछे छोड़ दिया गया था। ममदानी ने कहा कि वे इन लोगों को राजनीति के केंद्र में वापस लाना चाहते हैं। उन्होंने दोहराया कि दुनिया के सबसे धनवान शहर में हर पांच में से एक व्यक्ति ट्रेन या बस के लिए 2.90 डॉलर तक का किराया भी नहीं दे सकता। ट्रंप ने इस मुद्दे पर ममदानी का समर्थन करते हुए कहा कि ममदानी के कुछ विचार बिल्कुल उनके विचारों से मिलते-जुलते हैं।
न्यूयॉर्क में रहने पर ट्रंप का बयान
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक रिपोर्टर ने ट्रंप से पूछा कि क्या वे ममदानी प्रशासन के दौरान न्यूयॉर्क में रहने में सहज महसूस करेंगे, क्योंकि यह कभी उनका घर भी रहा है। ट्रंप ने तुरंत हां में जवाब दिया और कहा कि वे बिल्कुल आरामदायक महसूस करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुलाकात के बाद तो और भी ज्यादा।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications