America: ट्विलाइट वाली हीरोइन Kristen Stewart छोड़ेंगी अमेरिका! Donald Trump पर लगाए गंभीर आरोप
America: हॉलीवुड अभिनेत्री और फिल्म प्रोड्यूसर क्रिस्टन स्टीवर्ट (Kristen Stewart) एक बार फिर अपने बेबाक और साफ़-साफ़ बोलने वाले बयानों की वजह से सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने अमेरिका छोड़ने के संकेत दिए हैं। उनका कहना है कि मौजूदा अमेरिकी माहौल में उन्हें न तो सुरक्षित महसूस होता है और न ही एक कलाकार के तौर पर पूरी क्रिएटिव आज़ादी मिल पा रही है। उनके इस बयान ने फिल्म और कला जगत में एक नई बहस को जन्म दे दिया है।
'ट्वाइलाइट' से सुपरस्टार बनीं क्रिस्टीन
'ट्वाइलाइट' सीरीज़ से दुनियाभर में पहचान बनाने वाली क्रिस्टन स्टीवर्ट अब सिर्फ एक मशहूर अभिनेत्री ही नहीं रहीं, बल्कि एक गंभीर और सोचने-समझने वाली फिल्म निर्माता के रूप में भी खुद को साबित कर चुकी हैं। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने अमेरिका के राजनीतिक और सामाजिक माहौल पर सवाल उठाए और कहा कि अब उन्हें वहां काम करना सहज नहीं लगता।

अमेरिका में आजादी पर उठाए सवाल
ब्रिटेन के प्रतिष्ठित अख़बार द टाइम्स ऑफ लंदन से बातचीत के दौरान क्रिस्टन स्टीवर्ट ने खुलकर कहा कि अमेरिका में रहते हुए वे खुद को स्वतंत्र महसूस नहीं करतीं। उनके मुताबिक, मौजूदा सिस्टम कलाकारों की अभिव्यक्ति को धीरे-धीरे सीमित कर रहा है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे भविष्य में अमेरिका में काम करती दिखेंगी, तो उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा कि यह पॉसिबल नहीं लगता।

क्रिएटिव लोगों में बढ़ रही है घुटन
क्रिस्टन का मानना है कि किसी भी कलाकार के लिए सबसे ज़रूरी चीज़ होती है बिना डर के अपने विचारों को सामने रखने और अपनी कला को दिखाने की आज़ादी। उनके अनुसार, अमेरिका में यह आज़ादी अब पहले जैसी नहीं रही। इसी वजह से कई क्रिएटिव लोग खुद को 'घुटा हुआ' महसूस कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह माहौल कला और कलाकारों के विकास के लिए नुकसानदायक है।
डोनाल्ड ट्रंप पर क्यों भड़कीं स्टीवर्ट?
इसी इंटरव्यू में क्रिस्टन स्टीवर्ट ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी नीतियों पर भी नाराज़गी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ट्रंप के कार्यकाल के दौरान 'सत्य और तथ्यों को कमज़ोर किया गया', जिसका असर सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज और कला पर भी पड़ा। उनके मुताबिक, जब राजनीति सच को तोड़-मरोड़ कर पेश करती है, तो कलाकारों की ज़िम्मेदारी और बढ़ जाती है, लेकिन ऐसे माहौल में काम करना बेहद मुश्किल हो जाता है।

अमेरिका छोड़ कहां जाएंगी स्टीवर्ट?
अमेरिका छोड़ने के सवाल पर क्रिस्टन स्टीवर्ट ने यूरोप में बसने का संकेत दिया। उनका मानना है कि यूरोप में फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को ज़्यादा क्रिएटिव फ्रीडम मिलती है। वे खुद को अंतरराष्ट्रीय और स्वतंत्र प्रोजेक्ट्स में ज़्यादा सहज महसूस करती हैं। उनके अनुसार, यूरोपीय सिनेमा ज्यादा प्रयोगात्मक है, जहां कलाकारों को जोखिम उठाने की पूरी आज़ादी मिलती है, जो उनकी सोच और काम करने के तरीके से पूरी तरह मेल खाती है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications