भारतीय महिला 3 साल से लापता, FBI ने 'गुमशुदा लोगों' की सूची में शामिल किया
भारतीय महिला मयुशी भगत को जब आखिरी बार देखा गया था, तब उसने रंग-बिरंगा पजामा और काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। उसके परिवार ने एक मई 2019 को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
न्यूयॉर्क, 21 जुलाई : अमेरिका के न्यूजर्सी से तीन साल पहले एक भारतीय महिला गायब हो गई थी। खबर है कि, अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने लापता 28 साल की भारतीय महिला मयुशी भगत (Mayushi Bhagat) को अपनी 'गुमशुदा लोगों' की सूची में शामिल किया है (FBI adds missing Indian woman to its Missing Persons list) और उसने अमेरिकी जनता से महिला के बारे में जानकारी मांगी है। भगत एफ-1 छात्र वीजा पर 2016 में अमेरिका आई थी।

29 अप्रैल 2019 के आखिरी बार देखा गया था
जानकारी के मुताबिक मयुशी भगत को आखिरी बार 29 अप्रैल 2019 को शाम के समय न्यूजर्सी में जर्सी शहर के अपने अपार्टमेंट से बाहर निकलते हुए देखा गया था। जब उसे आखिरी बार देखा गया था, तब उसने रंगबिरंगा पजामा और काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। उसके परिवार ने एक मई 2019 को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी थी।

मदद की अपील
मयुशी भगत की लंबाई 5 फीट 10 इंच बताई गई है। मध्यम शारीरिक बनावट वाली इस युवती की आंखें भूरी और बाल काले बताए जा रहे हैं। एफबीआई ने आम जनता से महिला के बारे में जानकारी मांगी है। मयुशी भगत को कई भाषाओं का ज्ञान था। उनकी अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू पर अच्छी पकड़ थी। उनके कई मित्र अमेरिका के साउथ प्लेनफील्ड, न्यूजर्सी में रहते हैं।

मयुशी छात्र वीजा पर अमेरिका आई थी
एफबीआई द्वारा जारी सूचना के अनुसार, भगत एफ-1 छात्र वीजा पर 2016 में अमेरिका आई थी। जानकारी के मुताबिक, उसने न्यू हैम्पशायर विश्वविद्यालय में दाखिला लिया था और इसके बाद न्यूयॉर्क इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी (एनवाईआईटी) में एडमिशन ले लिया था।

मयुशी भगत गुमशुदा लोगों की सूची में शामिल
वहीं, मयुशी भगत के लापता होने के बाद एफबीआई के विशेष प्रभारी एजेंट जेम्स डेन्नी ने बताया कि एफबीआई के नेवार्क डिवीजन ने भगत को अपनी 'गुमशुदा व्यक्तियों' की सूची में शामिल किया है।

लापता युवती के बारे में जानकारी मांगी एफबीआई ने
एफबीआई ने कहा कि भगत के बारे में जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति को स्थानीय एफबीआई कार्यालय या निकटतम अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क करें।












Click it and Unblock the Notifications