वो शातिर दिमाग जिसने कई देशों की पुलिस को दिया चकमा, जानें कैसे शोभराज बना 'बिकनी किलर'

नेपाल की सुप्रीम कोर्ट ने चार्ल्स शोभराज को रिहा करने का आदेश दिया है। उसके ऊपर कई देशों में 20 से ज्यादा हत्याएं करने का आरोप है। हालांकि वो लगातार दुनियाभर की पुलिस को चकमा देता रहा, इस वजह से उसे सभी मामलों में सजा नहीं हो पाई। वो पूरी दुनिया में बिकनी किलर के नाम से भी मशहूर है। कोर्ट के आदेश की वजह से 15 दिन के अंदर उसका प्रत्यर्पण भी कर दिया जाएगा। आइए जानते हैं कौन है शोभराज और वो कैसे बना सीरियल किलर?

पिता थे भारतीय
शोभराज का जन्म 1944 में वियतनाम में हुआ था। उसकी मां तो वियतनामी थीं, लेकिन पिता भारत से थे। हालांकि उन्होंने उसे कभी स्वीकार नहीं किया। शोभराज कम उम्र में फ्रांस चला गया। कुछ ही दिनों में वहां वो छोटी चोरियां और धोखाधड़ी करने लगा। वो भेष बदलने में माहिर था। उसने सबसे ज्यादा पर्यटकों और महिलाओं को निशाना बनाया।

कैसे बना सीरियल किलर?
माना जाता है कि पहले शोभराज छोटा-मोटा अपराधी था, लेकिन 1970 के दशक में जब उसने दक्षिण पूर्व एशिया की यात्रा की, तो वहां से उसने सीरियल किलिंग को अंजाम देना शुरू कर दिया। वो लोगों को अपने जाल में फंसाने में जाहिर था। उसकी भेषभूषा देखकर भी लोग उसके जाल में फंस जाते थे।

ड्रग्स देकर करता था 'शिकार'
शोभराज थाईलैंड, नेपाल और भारत में पर्यटकों को निशाना बनाता था। वो उन्हें ड्रग्स देकर बेहोश करता। फिर उनका सामान चुरा लेता था। कई मामलों में तो उसने लोगों का गला दबाकर उनकी हत्या की और फिर लाश को जला दिया। इसके बाद से उसे बिकनी किलर के नाम से जाना जाने लगा।

दिल्ली में पकड़ा गया
1976 में दिल्ली के अशोका होटल में उसने हत्याएं और चोरियां कीं। वहां पर वो पकड़ा गया। उसे 12 साल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन 1986 में वो भाग निकला। इसके बाद वो गोवा में पकड़ा गया। 1997 में प्रत्यर्पित होकर वो पेरिस चला गया। लोगों को लग रहा था शोभराज सुधर जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 2003 में उसे नेपाल में देखा गया। उसके किस्से तब तक दुनियाभर में मशहूर हो चुके थे। उसने बेखौफ होकर वहां पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और फिर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद उसे महिला की हत्या समेत कई मामलों में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। अब नेपाली सुप्रीम कोर्ट ने उसे रिहा करने का फैसला दिया है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications