आकाश में उड़ी विमान की खिड़की, लोगों के हाथ से छूट कर उड़े मोबाइल, फ्लाइट में कैसे बचे 180 लोग?
कई बार हजारों फीट ऊपर उड़ रही फ्लाइट में कुछ ऐसा हो जाता है जिससे अच्छे अच्छों को मौत का डर सताने लगे। अमेरिका में भी कुछ ऐसा ही हुआ है। अमेरिका में 180 लोगों से भरा एक विमान एक भयानक हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया।
पोर्टलैंड से कैलिफोर्निया के ओंटारियो जा रही अलास्का एयरलाइंस की बोइंग 737-9 मैक्स फ्लाइट की खिड़की अचानक खुल कर उड़ गई, जिससे अफरातफरी मच गई। ये घटना टेक ऑफ के कुछ ही देर के बाद हुई। जिस समय ये घटना हुई, विमान 16 हजार फीट की ऊंचाई पर था।

खिड़की उड़ जाने के बाद विमान नीचे उतरने लगा जिसके बाद उसकी आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। हवा में खिड़की के टूटकर अलग हो जाने के बाद प्लेन की वापस पोर्टलैंड में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि खिड़की उड़ने के बाद बगल की सीट पर बैठे बच्चे की शर्ट भी फट गई। वहीं कुछ पैसेंजर के फोन भी हवा में उड़ गए।
इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर अभी नहीं मिल पाई है। इस दौरान विमान में करीब 171 पैसेंजर और 6 क्रू मेंबर सवार थे। चौंकाने वाली बात ये है कि ये एक बिल्कुल नया विमान था। इसे सिर्फ दो महीने पहले ही प्रयोग में लाना शुरू हुआ था। इस विमान को नवंबर 2023 में प्रमाणन प्राप्त हुआ था।
अलास्का एयरलाइंस ने अपने सोशल मीडिया पेज पर घटना की जानकारी दी है। फिलहाल इस मामले की जांच अमेरिका का नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड कर रहा है। वहीं, एयरलाइन ने कहा कि वे घटना की जांच कर रहे हैं, और अधिकारी अभी तक इसके पीछे का कारण निर्धारित नहीं कर पाए हैं।
एयरलाइन ने कहा कि इस प्रकार की घटना दुर्लभ है, हालांकि हमारे फ्लाइट क्रू को प्रशिक्षित किया गया था और स्थिति को सुरक्षित रूप से प्रबंधित करने के लिए तैयार किया गया था। हम अधिक जानकारी इकट्ठा करने के लिए काम कर रहे हैं और अपने एयरलाइन ग्राहक के संपर्क में हैं। बोइंग की एक तकनीकी टीम जांच में सहयोग के लिए तैयार है।
इस बीच यात्रियों ने इसे बुरा सपना बताते हुए अपना दर्दनाक अनुभव सुनाया है।
एक 22 वर्षीय यात्री ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया, "मैं अपनी आंखें खोलता हूं और सबसे पहली चीज जो मैं देखता हूं वह मेरे ठीक सामने ऑक्सीजन मास्क है। और मैं बाईं ओर देखता हूं और विमान के किनारे की दीवार गायब है। पहली चीज़ जो मैंने सोची वह थी, कि मैं मरने जा रहा हूं"।
प्लेन में सवार 20 साल की एलिजाबेथ ने बताया कि विमान से खिड़की के अलग होने के बाद अचानक जोर की आवाज सुनाई। ऐसा लग रहा था जैसे कान फट जाएंगे। एक अन्य यात्री कायली रिंकर ने कहा कि प्लेन में गड़बड़ी होते ही ऑक्सीजन मास्क बाहर आ गए थे। कई लोगों ने इसका इस्तेमाल भी किया।












Click it and Unblock the Notifications