सैन फ्रैंसिस्को जा रहे एयर इंडिया के विमान में तकनीकी खराबी, रूस में हुई लैंडिंग, विमान में 225 यात्री
एयर इंडिया के विमान में एक बार फिर से तकनीकी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रहे एयर इंडिया के विमान को तकनीकी गड़बड़ी की वजह से रूस की ओर डायवर्ट करना पड़ा। विमान में 225 यात्री सवार थे।
एयर इंडिया की ओर से कहा गया है कि विमान में सवार सभी यात्री फिलहाल सुरक्षित हैं और उन्हें जरूरी मदद मुहैया कराई जा रही है। एयरलाइंस की ओर से कहा गया है कि विमान AI183 को रूस के करासनोयार्स्क इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड कराना पड़ा है।

कॉकपिट क्रू कार्गो होल्ड इलाके में कुछ संभावित गड़बड़ी नजर आई, जिसके बाद विमान को सुरक्षा की दृष्टि से एहतियातन लैंड कराना पड़ा। विमान में 225 यात्री और 19 क्रू सदस्य शामिल हैं।
एयर इंडिया ने कहा कि रूस के इस एयरपोर्ट पर हमारा खुद का स्टाफ नहीं है लिहाजा थर्ड पार्टी की मदद से यात्रियों को यहां मदद मुहैया कराई गई है। यात्रियों को सैन फ्रैंसिस्को भेजने के लिए विमान की व्यवस्था की जा रही है।
एयरलाइन ने कहा कि चूंकि हमारे पास केजेए में अपना कोई स्टाफ नहीं है, लिहाजा हम यात्रियों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तीसरे पक्ष की सहायता की व्यवस्था कर रहे हैं। एयर इंडिया सरकारी एजेंसियों और विनियामक प्राधिकरणों के साथ भी संपर्क में है, हम यात्रियों को जल्द से जल्द सैन फ्रांसिस्को ले जाने के लिए केजेए के लिए एक फ़ेरी फ़्लाइट की व्यवस्था कर रहे हैं।
बता दें कि पिछले साल इसी तरह की एक घटना में इसी मार्ग पर एयर इंडिया की एक उड़ान में तकनीकी समस्याएं आई थी उसे रूस के एक शहर मैगाडन में डायवर्ट कर दिया गया था।
बोइंग 777-200 एलआर विमान में 216 यात्री और 16 चालक दल के सदस्य थे। यात्रियों को दो दिनों तक एक स्कूल में ठहराया गया जब तक कि मुंबई से भोजन और जरूरी सामान लेकर एक दूसरी फ्लाइट यहां नहीं आई। इसके बाद यहां से लोगों को सैन फ्रांसिस्को ले जाया गया।
एयरलाइन ने कहा कि एयर इंडिया में हम सभी यात्रियों और कर्मचारियों के बारे में चिंतित हैं और जल्द से जल्द फेरी उड़ान संचालित करने और प्रतीक्षा के दौरान सभी के स्वास्थ्य, सुरक्षा और संरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications