चीनी विमान के इंजन में लगी आग, केबिन में घुसा धुआं, आनन-फानन में करवाई गई इमरजेंसी लैंडिंग
Fire in Flight: सिंगापुर में उतर रहे एयर चाइना जेटलाइनर के विमान में अचानक से धुआं आ गया, जिससे कई लोगों की हालत बिगड़ गई। पायलट ने किसी तरह से विमान को लैंड करवाया, जिसके बाद आनन-फानन में उसे खाली करवाया गया।
एयरलाइन के मुताबिक सभी यात्री सुरक्षित हैं। धुएं की वजह से कुछ यात्रियों की हालत खराब हो गई थी, हालांकि बाद में वो ठीक हो गए। मामले की जांच की जा रही है। साथ ही ये भी पता लगाया जा रहा कि धुआं केबिन में कैसे घुसा?

सिंगापुर मीडिया के मुताबिक विमान सिचुआन प्रांत (चीन) के चेंगदू शहर से आ रहा था। वो चांगी हवाई अड्डे पर उतरने ही वाला था कि अचानक से उसके केबिन में धुआं आ गया। केबिन क्रू ने तुरंत इसकी जानकारी पायलट को दी। पायलट ने वहां से एटीसी को इस आपातकालीन स्थिति के बारे में बताया। विमान में 146 यात्रियों और चालक चल के 9 सदस्य सवार थे।
घटना रविवार शाम 4.15 बजे (स्थानीय समयानुसार) की है। विमान को सुरक्षित लैंड करवा लिया गया। इसके बाद तुरंत विमान को खाली करवाने की प्रक्रिया शुरू हुई। इस दौरान धुएं की वजह से 9 लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जबकि कुछ यात्रियों को जल्दबाजी में उतरते वक्त मामूली चोट लगी।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक पायलट ने आगे के कार्गो होल्ड और शौचालय में धुआं निकलने की सूचना के बाद इमरजेंसी की घोषणा कर दी। धुएं की वजह से केबिन की रोशनी डिम हो गई। फ्लाइट अटेंडेंट ने लोगों से शांत रहने और सीट पर बैठे रहने की अपील की।
वहीं विमान के बाएं इंजन में आग लग गई थी, जिसको लैंडिंग के तुरंत बाद बुझा दिया गया। चीनी मीडिया के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला कि इंजन फेल होने की वजह से ये घटना हुई। विमान कंपनी मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications